विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीमपुर दोमुंहा सांप बरामदगी मामला: जांच में खुली पुलिस की पोल, SP ने 8 सिपाहियों को किया सस्पेंड  

Published: Wed, 30 Sep 2026 12:46 AM (IST)

लखीमपुर के मैगलगंज में दोमुंहा सांप बरामदगी मामले में अनियमितता पाए जाने पर एसपी ने एक इंस्पेक्टर व एक एसआई ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. दोमुंहा सांप बरामदगी मामले में पुलिस की अनियमितता उजागर हुई।

  2. एसपी ने एक इंस्पेक्टर सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया।

  3. पुलिस पर झूठे आरोप लगाने की जांच में पुष्टि हुई।

संवादसूत्र, मैगलगंज (लखीमपुर)। दो मुंहा सांप बरामदगी के खुलासे के मामले में अनियमितता पाए जाने पर एसपी ने प्रभारी इंस्पेक्टर व एक एसआई सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। सीओ मितौली जांच रिपोर्ट के बाद एएसपी पश्चिमी ने भी कोतवाली पहुंचकर मामले की पड़ताल कर एसपी को रिपोर्ट सौंपी, जिसके बाद एसपी ने कार्रवाई की।

बता दें कि 25 सितंबर को थाना पुलिस ने रहजनिया अंडरपास के पास से दोमुंहा सांप बरामद करने का दावा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गिरफ्तार युवकों के घरवालों ने एसपी से मिलकर थाना पुलिस पर बेटों को झूठे मुकदमे में फंसाने, हिरासत में रखकर मारपीट करने और छोड़ने के बदले रुपये मांगने के आरोप लगाए थे।

इस पर एसपी ने सीओ मितौली यादवेंद्र यादव से जांच कराई। इसके बाद एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय ने भी कोतवाली पहुंचकर पुलिस कर्मियों आदि से पूछताछ की। घरवाले द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने इंस्पेक्टर व एक एसआई सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

इन पर हुई कार्रवाई
इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह, दरोगा शुभम कुमार, कांस्टेबल राहुल, रोहित, देवेंद्र सिंह, देवेंद्र सिसौदिया, अमित और विश्वास सिंह।

विभाग में हड़कंप, विभागीय जांच जारी
एसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन में खलबली मची हुई है। वहीं मैगलगंज क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूरे प्रकरण में विभागीय जांच अभी जारी है। इसके बाद सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।

दो मुंहे सांप की तस्करी के मामले में मुख्य सूत्रधार व उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई न कर प्रकरण में लापरवाही व अनुशासनहीनता बरतने के मामले में मैगलगंज इंस्पेक्टर व एक एसआई सहित आठ पुलिसकर्मी को निलंबित किया गया है। साथ ही विभागीय जांच कराई जा रही है।- डॉ . ख्याति गर्ग, एसपी

यह भी पढ़ें- 308 चक्के वाला ट्रक, 200 टन की मशीन और 2 करोड़ का डीजल... बेल्जियम से भारत आए सबसे बड़े वेसल की A टू Z डिटेल