लखीमपुर में पंचायतों को मिलेगा तलाबों की नीलामी का 75 प्रतिशत हिस्सा, विकास कार्यों के लिए होंगे खर्च
लखीमपुर की ग्राम पंचायतों में नीलामी से प्राप्त धनराशि का 75 प्रतिशत हिस्सा अब पंचायतीराज विभाग को मिलेगा। यह राशि गांवों में विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।
HighLights
ग्राम पंचायतों की नीलामी का 75% हिस्सा अब पंचायतीराज को।
यह धनराशि गांवों में आवश्यक विकास कार्यों पर होगी खर्च।
राजस्व विभाग से 2.82 करोड़ रुपये पंचायतीराज को मिलेंगे।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। ग्राम पंचायतों में होने वाली नीलामी से प्राप्त धनराशि में अब पंचायतीराज विभाग को 75 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। प्रमुख सचिव पंचायतीराज के आदेश के बाद जिले में इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अब तक 309 ग्राम पंचायतों में नीलामी से संबंधित 3.76 करोड़ रुपये की धनराशि राजस्व विभाग के पास है। इसमें से 75 प्रतिशत यानी करीब 2.82 करोड़ रुपये पंचायतीराज विभाग को दिए जाने का आदेश हुआ है। करीब 39 लाख रुपये की धनराशि विभाग को मिल भी चुकी है।
अब तक ग्राम पंचायतों में नीलामी से प्राप्त धनराशि संबंधित राजस्व विभाग के पास रहती थी। शासन के नए निर्देश के बाद इसका 75 प्रतिशत हिस्सा पंचायतीराज विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। इसके बाद यह धनराशि संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे गांवों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जा सकेंगे।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार मोहम्मदी और पसगवां में सबसे अधिक 66-66 ग्राम पंचायतों की नीलामी से संबंधित धनराशि राजस्व विभाग के पास है। लखीमपुर में 30, बिजुआ में 21, बांकेगंज और बेहजम में 18-18, पलिया में 17, कुंभी-गोला में 16, फूलबेहड़ में 13, मितौली और नकहा में 11-11 ग्राम पंचायतों की धनराशि शामिल है।
इसी तरह ईसानगर और रमियाबेहड़ में सात-सात, धौरहरा में छह तथा निघासन में दो ग्राम पंचायतों की नीलामी राशि राजस्व विभाग के पास है। शासन के निर्देश के बाद अब इस धनराशि को पंचायत विभाग को हस्तांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है।
डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग से नीलामी की जो धनराशि प्राप्त होगी, उसे संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम पंचायतें इस धनराशि का उपयोग गांव में आवश्यक विकास कार्य कराने में कर सकेंगी।
यह भी पढ़ें- गोंडा में डाक टिकट में 72 हजार की हेराफेरी में कार्रवाई, असिस्टेंट कैशियर को सात साल की सजा
