महाराष्ट्र में गुड़ की खौलती कढ़ाई में गिरने से लखीमपुर के मजदूर की मौत, गांव में पसरा मातम
लखीमपुर के ईसानगर निवासी 40 वर्षीय दानिश की महाराष्ट्र में गुड़ बनाने वाले प्लांट में गर्म गुड़ की कड़ाही में ...और पढ़ें

कढ़ाई में गिरने से मजदूर की मौत।
HighLights
लखीमपुर के दानिश की महाराष्ट्र में मौत।
गुड़ प्लांट में खौलती कड़ाही में गिरे।
सीसीटीवी फुटेज से दुर्घटना की पुष्टि हुई।
संवादसूत्र जागरण, लखीमपुर। रोजी-रोटी के लिए महाराष्ट्र गए ईसानगर के मूड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय दानिश की गुड़ बनाने वाले प्लांट में शुक्रवार को गर्म गुड़ की कड़ाही में गिरने से मौत हो गई। घरवालों के मुताबिक दानिश महाराष्ट्र में एक गुड़ प्लांट पर मजदूरी करता था। शुक्रवार दोपहर काम के दौरान अचानक वह गुड़ की खौलती कड़ाही में गिर गया।
हादसा होते ही प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद श्रमिकों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे की जानकारी मिलते ही मूड़ी गांव में दानिश के परिवार में मातम छा गया। शनिवार को उसका शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने उसके साथ महाराष्ट्र गए श्रमिकों से घटना को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिए।
स्थिति को देखते हुए ईसानगर पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने महाराष्ट्र स्थित प्लांट के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज परिजनों को दिखाई। फुटेज में हादसा होने का घटनाक्रम सामने आने के बाद परिजनों का आक्रोश शांत हुआ।
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है। घटना के संबंध में अभी किसी व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं मिली है। शव गांव आने की सूचना पर एहतियात के तौर पर पुलिस टीम को भेजा गया था।
