किस्सा खत्म करने के इरादे से स्कूल आया था सऊद, प्रेमिका से चंद मिनट बात के बाद खत्म हो गई दोनों की दुनिया
लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में सऊद अंसारी ने अपनी प्रेमिका निशात फातिमा को गोली मारकर खुदकुशी कर ली।

HighLights
सऊद अंसारी ने प्रेमिका निशात फातिमा को स्कूल में गोली मारी।
प्रेम प्रसंग में अनबन के कारण खूनी वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद सऊद ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। शहर के बीचोंबीच सोमवार को चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में हुई सनसनीखेज वारदात महज कुछ मिनटों में अंजाम दे दी गई, लेकिन इसके पीछे की कहानी लंबे समय से चल रहे प्रेम प्रसंग और बढ़ती अनबन से जुड़ी बताई जा रही है।
28 वर्षीय सऊद अंसारी स्कूल में दाखिल होने से पहले ही कथित तौर पर अपने साथ दो तमंचे और पांच-पांच कारतूस लेकर आया था। इससे संकेत मिलता है कि वह किसी भी स्थिति में वारदात को अंजाम देने का पक्का मन बना चुका था। हालांकि, उसके अंतिम मंसूबे और घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच में ही स्पष्ट होगी।
दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई
बताया जाता है कि सऊद अंसारी स्कूल के मुख्य द्वार से भीतर दाखिल हुआ। इसके बाद वह स्कूल परिसर में अपनी प्रेमिका निशात फातिमा से मिला। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद सऊद उसके साथ पहली मंजिल की ओर गया और क्लासरूम के बाहर बरामदे में दोनों के बीच करीब तीन-चार मिनट तक बातचीत हुई। इसी दौरान बातचीत का सिलसिला अचानक खौफनाक मोड़ पर पहुंच गया।
सूत्रों के मुताबिक सऊद ने अपने बैग से तमंचा निकाला और निशात फातिमा के सिर से सटाकर एक के बाद एक जीन गोलियां दाग दीं। गोलियों की आवाज से स्कूल में अफरातफरी मच गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या उसे रोकने की कोशिश करता, सऊद ने अपनी कनपटी पर तमंचा रखकर गोली चला दी। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई।
अनबन बढ़ती गई, रिश्ते का अंत बना खूनी
सूत्रों के अनुसार सऊद और निशात के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन बढ़ती चली गई। बातचीत से समस्या सुलझने के बजाय विवाद गहराता गया। बताया जाता है कि इसी तनाव के बीच सऊद ने कथित तौर पर पूरे मामले को अपने तरीके से खत्म करने का मन बना लिया।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वह दो तमंचे और पर्याप्त कारतूस लेकर स्कूल क्यों पहुंचा? क्या उसने पहले से हत्या और आत्महत्या की योजना बना ली थी या स्कूल पहुंचने के बाद हालात अचानक बेकाबू हुए? इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों से ही सामने आएगा।
वारदात के बाद स्कूल परिसर में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। शहर के बीच स्कूल में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में खौफनाक वारदात: युवक ने स्कूल में घुसकर की टीचर की हत्या, फिर खुद को भी गोली से उड़ाया
