विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में राशन कार्ड धारकों के लिए आखिरी मौका, ई-केवाईसी नहीं कराई तो कट जाएगा नाम

Published: Tue, 29 Sep 2026 12:56 PM (IST)

लखीमपुर खीरी में 1.81 लाख से अधिक राशन कार्ड यूनिटों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, जिससे उनके नाम कटने का खतरा है।

राशन कार्ड की ई-केवाईसी कराना जरूरी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

राशन कार्ड की ई-केवाईसी कराना जरूरी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. जिले में 1.81 लाख यूनिटों की ई-केवाईसी लंबित।

  2. ई-केवाईसी न होने पर राशन कार्ड से नाम कटेंगे।

  3. लाभार्थी नजदीकी राशन दुकान पर जाकर कराएं सत्यापन।

जागरण संवाददाता, लखीमपुर। राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बावजूद जिले में 1,81,560 यूनिट अब भी प्रक्रिया से बाहर हैं।

विभाग ने इन लाभार्थियों को अंतिम अवसर दिया है। निर्धारित समय में ई-केवाईसी नहीं कराने पर संबंधित यूनिटों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं। इसके बाद रिक्त स्थान पर पात्र लोगों को राशन कार्ड का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

जिले में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी श्रेणी के आठ लाख से अधिक राशन कार्ड हैं। इनमें 33 लाख से ज्यादा यूनिट दर्ज हैं। शासन के निर्देश पर सभी यूनिटों की ई-केवाईसी कराने के लिए कई माह से अभियान चल रहा है। पूर्ति विभाग ने कोटेदारों के माध्यम से कार्डधारकों को लगातार जागरूक भी किया है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 31 लाख 20 हजार यूनिटों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। वहीं 1,81,560 यूनिटों की प्रक्रिया अभी लंबित है। अधिकारियों के मुताबिक ई-केवाईसी नहीं होने के कारण इन यूनिटों को पिछले करीब छह माह से खाद्यान्न का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।

यह भी पढ़ें- यूपी में 1.81 लाख यूनिट का राशन कार्ड से नाम कटने का खतरा, विभाग ने दिया अंतिम मौका

अब विभाग ने लंबित यूनिटों के सत्यापन के लिए अंतिम मौका दिया है। लाभार्थी अपने वर्तमान स्थान के नजदीक किसी भी सरकारी राशन की दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके लिए संबंधित राशन कार्ड में दर्ज सदस्य का सत्यापन कराया जाएगा। विभाग का कहना है कि अंतिम अवसर के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं कराने वाले सदस्यों के नाम हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।

राशन कार्ड में दर्ज 1,81,560 यूनिटों की ई-केवाईसी अभी लंबित है। संबंधित लाभार्थी जल्द से जल्द किसी भी नजदीकी राशन दुकान पर पहुंचकर ई-केवाईसी करा लें। निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी न होने पर नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं।

सीमा त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी