यूपी में 1.81 लाख यूनिट का राशन कार्ड से नाम कटने का खतरा, विभाग ने दिया अंतिम मौका
लखीमपुर खीरी में 1.81 लाख से अधिक राशन कार्ड यूनिटों की ई-केवाईसी लंबित है, जिसके लिए विभाग ने अंतिम अवसर दिया है।

1.81 लाख यूनिट पर राशन कार्ड से नाम कटने का खतरा।
HighLights
1.81 लाख यूनिटों की ई-केवाईसी अभी लंबित है।
विभाग ने लाभार्थियों को ई-केवाईसी के लिए अंतिम अवसर दिया।
समय पर प्रक्रिया पूरी न होने पर नाम हटाए जा सकते हैं।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बावजूद जिले में 1,81,560 यूनिट अब भी प्रक्रिया से बाहर हैं। विभाग ने इन लाभार्थियों को अंतिम अवसर दिया है।
निर्धारित समय में ई-केवाईसी नहीं कराने पर संबंधित यूनिटों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं। इसके बाद रिक्त स्थान पर पात्र लोगों को राशन कार्ड का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
जिले में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी श्रेणी के आठ लाख से अधिक राशन कार्ड हैं। इनमें 33 लाख से ज्यादा यूनिट दर्ज हैं। शासन के निर्देश पर सभी यूनिटों की ई-केवाईसी कराने के लिए कई माह से अभियान चल रहा है। पूर्ति विभाग ने कोटेदारों के माध्यम से कार्डधारकों को लगातार जागरूक भी किया है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 31 लाख 20 हजार यूनिटों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। वहीं 1,81,560 यूनिटों की प्रक्रिया अभी लंबित है। अधिकारियों के मुताबिक ई-केवाईसी नहीं होने के कारण इन यूनिटों को पिछले करीब छह माह से खाद्यान्न का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। अब विभाग ने लंबित यूनिटों के सत्यापन के लिए अंतिम मौका दिया है।
लाभार्थी अपने वर्तमान स्थान के नजदीक किसी भी सरकारी राशन की दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके लिए संबंधित राशन कार्ड में दर्ज सदस्य का सत्यापन कराया जाएगा। विभाग का कहना है कि अंतिम अवसर के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं कराने वाले सदस्यों के नाम हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
क्या कहती हैं डीएसओ
राशन कार्ड में दर्ज 1,81,560 यूनिटों की ई-केवाईसी अभी लंबित है। संबंधित लाभार्थी जल्द से जल्द किसी भी नजदीकी राशन दुकान पर पहुंचकर ई-केवाईसी करा लें। निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी न होने पर नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं। -सीमा त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी।
