IGRS शिकायतों के निस्तारण में लखीमपुर खीरी की रैंक में हुआ सुधार, प्रदेश में हासिल किया तीसरा स्थान
लखीमपुर खीरी जिले ने जन शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
खीरी जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
7,413 शिकायतों का प्रभावी ढंग से निस्तारण किया गया।
5,527 शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतोष जताया।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। जन शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के मामले में खीरी जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जिले में आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के साथ ही शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसी का परिणाम रहा कि जिले की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में सुधार हुआ।
जिले में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 7,413 शिकायतों का निस्तारण कराया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया गया। इसमें 5,527 शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण की प्रक्रिया और की गई कार्रवाई पर संतोष जताया। शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और फीडबैक के आधार पर तैयार की गई रैंकिंग में खीरी को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला है।
संबंधित विभागों को दिए जाते हैं निर्देश
ई-डिस्ट्रिक इंचार्ज अनुज वर्मा ने बताया कि आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण के साथ यह भी देखा जाता है कि शिकायतकर्ता कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। इसके लिए निस्तारण के बाद फीडबैक लिया जाता है। संबंधित विभागों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में शिकायतों के निस्तारण के बाद फीडबैक प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। इससे शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की वास्तविक जानकारी भी सामने आई। फीडबैक में बड़ी संख्या में शिकायतकर्ताओं के संतुष्ट होने के चलते जिले की रैंकिंग बेहतर हुई है।
यह भी पढ़ें- खेतों की नमी गायब, नहरों में सूखा... रायबरेली के 150 गांवों के 40000 किसानों पर मंडराया पानी का संकट
प्रशासन की ओर से आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण करने के साथ ही शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
