लखीमपुर खीरी में बेकाबू होकर बाइक कटीले तारों में फंसी, गला कटने से चालक की मौत
लखीमपुर खीरी में गोला-कस्ता मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पशु मित्र राकेश वर्मा की मौत हो गई।

मृतक राकेश की फाइल फोटो
HighLights
पशु मित्र राकेश वर्मा की सड़क हादसे में मौत।
बाइक अनियंत्रित होकर ब्लेड तारों में फंसी, गर्दन कटी।
लखीमपुर खीरी के गोला-कस्ता मार्ग पर हुआ हादसा।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। हैदराबाद थाना क्षेत्र में गोला-कस्ता मार्ग पर बुधवार देर रात घरथनिया निजामपुर गांव के पास दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से सवार पशु मित्र सड़क किनारे लगे ब्लेड तारों में फंस गए। गर्दन में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मितौली क्षेत्र के केदारीपुर निवासी 35 वर्षीय राकेश वर्मा कस्ता पशु चिकित्सालय में पशु मित्र के पद पर तैनात थे। बुधवार देर रात वह बाइक से गोला गोकर्णनाथ स्थित भारत-भूषण कॉलोनी में अपने मकान पर जा रहे थे। घरथनिया निजामपुर के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक समेत घिसटते हुए राकेश सड़क किनारे लगे ब्लेड तारों में जा फंसे और गर्दन में गंभीर चोट लग गई।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर के खेतों में बाघ की दस्तक, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
हादसे की जानकारी पर घरथनिया निवासी रिश्तेदार चित्रसेन वर्मा मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से राकेश को सीएचसी गोला गोकर्णनाथ ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
राकेश के परिवार में पत्नी बिंदेश्वरी और दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र उज्जवल 12 वर्ष और छोटा पुत्र आदित्य आठ वर्ष का है। अचानक हुई मौत से पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
