भारत-नेपाल सीमा के 51 गांवों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर, तीन लाख लोगों तक पहुंचेंगी चिकित्सा सेवाएं
भारत-नेपाल सीमा से सटे खीरी सहित सात जिलों के 300 गांवों में श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के तहत ...और पढ़ें
-1791799737032_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
खीरी के 51 गांवों में लगेंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर।
तीन लाख लोगों को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा।
21 से 24 नवंबर तक चलेगा यह स्वास्थ्य अभियान।
संवादसूत्र, लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा से सटे दूरस्थ और थारू बहुल गांवों में अब विशेषज्ञ चिकित्सक पहुंचकर लोगों का उपचार करेंगे। श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के सातवें संस्करण के तहत खीरी समेत उत्तर प्रदेश के सात सीमावर्ती जिलों के लगभग 300 गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की तैयारी है। इस अभियान के माध्यम से करीब तीन लाख लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। जनपद में निघासन के 25 और पलिया के 26 गांवों को चिह्नित किया गया है।
21 से 24 नवंबर तक प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों के क्रम में रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज (सीबीएसई) में योजना बैठक और प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार, 21 नवंबर को लखनऊ से चिकित्सकों की टीम पहुंचेगी और उसी दिन चिह्नित गांवों में रात्रि विश्राम करेगी। 22 नवंबर से गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों का परीक्षण और उपचार किया जाएगा।
वहीं, 24 नवंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय इंटर कालेज (यूपी बोर्ड) में विशाल मेगा कैंप आयोजित होगा। इसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श और उपचार उपलब्ध कराएंगे। यात्रा के अंतर्गत पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज के गांवों में चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई जाएंगी। अभियान में देशभर के लगभग 1,500 चिकित्सकों और 150 चिकित्सा संस्थानों की सहभागिता प्रस्तावित है।
-1791799750606.webp)
ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप चिकित्सा दलों की तैनाती और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल ने कार्यकर्ताओं से चिकित्सकों के साथ मिलकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक राष्ट्र प्रथम की भावना से समाज की सेवा करते हैं।
कार्यकर्ताओं को भी ''''नर सेवा, नारायण सेवा'''' के भाव से सहयोग करना चाहिए। प्रेस कांफ्रेंस में प्रो. डा. संजय भट्ट, प्रो. डा. जीपी सिंह, डा. आरआर मिश्र सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। बैठक में विभाग प्रचारक अभिषेक, यात्रा संयोजक नीरज कुमार सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
