लखीमपुर में लगातार बारिश से गिरा कच्चा मकान, मासूम समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
लखीमपुर में भारी बारिश के कारण एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से पति, पत्नी और उनके सात साल के ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
लखीमपुर में भारी बारिश के कारण कच्चा मकान ढहा।
हादसे में पति, पत्नी और सात साल के बेटे की मौत।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर, जांच जारी।
संवादसूत्र, जागरण, लखीमपुर। लगातार हो रही बारिश शनिवार तड़के रहमतपुर गांव के एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। नीमगांव क्षेत्र के गांव में कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के पास एक ही चारपाई पर सो रहे पति-पत्नी और उनके आठ वर्षीय बेटे तीनों मलबे में दब गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
रहमतपुर गांव निवासी मोहन कश्यप (50) पुत्र साधू कश्यप अपनी पत्नी कविता कश्यप (45) और आठ वर्षीय बेटे नानू कश्यप के साथ घर में सो रहे थे। लगातार बारिश के कारण कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी। शनिवार तड़के अचानक दीवार भरभराकर चारपाई पर जा गिरी। भारी मलबे के नीचे तीनों दब गए। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सब्बन ने घटना की सूचना राजस्व और पुलिस अधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल अनुज वर्मा और सिकंदराबाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें- यूपी की आठ सहकारी चीनी मिलों को मिला उत्कृष्ट दक्षता पुरस्कार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया सम्मानित
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासनिक स्तर पर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
