लखीमपुर में मधुमिता शुक्ला हत्याकांड की गवाह की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल, बहन के घर के बाहर हुआ धमाका; दहशत में परिवार
लखीमपुर में मधुमिता शुक्ला हत्याकांड की प्रमुख वादिनी निधि शुक्ला के घर के बाहर मंगलवार तड़के तेज धमाका हुआ, जिससे ...और पढ़ें

HighLights
निधि शुक्ला के घर के बाहर तेज धमाका।
मधुमिता शुक्ला हत्याकांड की वादिनी हैं निधि।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। चर्चित मधुमिता शुक्ला हत्याकांड की प्रमुख वादिनी और कवियत्री की बहन निधि शुक्ला के घर के बाहर मंगलवार तड़के हुए तेज धमाके ने एक बार फिर उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अलसुबह हुए धमाके की आवाज से पूरा परिवार दहशत में आ गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। निधि शुक्ला ने इसे महज संयोग नहीं, बल्कि खुद को डराने-धमकाने की सुनियोजित कोशिश बताते हुए नामजद तहरीर दी है और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
घटना शहर के मिश्राना मोहल्ले की है। निधि शुक्ला के अनुसार, तड़के अचानक घर के बाहर जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा परिवार घबरा गया। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने उन्हें फोन कर बाहर आने के लिए कहा, लेकिन भय के कारण उन्होंने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद सिपाही ने ही डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
निधि शुक्ला ने क्या लगाए आरोप?
निधि शुक्ला का आरोप है कि यह हमला उन्हें भयभीत करने के उद्देश्य से कराया गया है। उनका कहना है कि वह मधुमिता शुक्ला हत्याकांड की कानूनी पैरवी से लगातार जुड़ी हैं और इस बहुचर्चित प्रकरण पर पुस्तक तथा गीत एलबम भी तैयार कर रही हैं।
इसी वजह से उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कागजों में उन्हें तीन-एक की सुरक्षा गारद स्वीकृत है, लेकिन वास्तविकता में केवल दो सिपाही ही तैनात रहते हैं। दिन और रात में एक-एक सिपाही की ड्यूटी रहती है, जो पर्याप्त नहीं है।
यह पहला मामला नहीं है। निधि शुक्ला ने बताया कि मार्च 2025 में भी उनके घर पर कई राउंड फायरिंग हुई थी। उस घटना के बाद सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई थी, लेकिन आज भी हालात संतोषजनक नहीं हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने परिवार को भय के साये में जीने के लिए मजबूर कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि 9 मई 2003 को लखनऊ की पेपर मिल कॉलोनी में चर्चित कवियत्री मधुमिता शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस बहुचर्चित मामले में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि त्रिपाठी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई गई थी। निधि शुक्ला इस मुकदमे की प्रमुख वादिनी रही हैं और वर्षों से न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल की जांच कराई जा रही है और तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि धमाके की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।