लखीमपुर में एसटीएफ का आवास विकास कॉलोनी में छापा, साइबर ठगी का भंडाफोड़ कर चार दबोचे
लखनऊ एसटीएफ ने लखीमपुर की आवास विकास कॉलोनी में छापा मारकर एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। ...और पढ़ें

एसटीएफ का आवास विकास कॉलोनी में छापा।
HighLights
एसटीएफ ने लखीमपुर में साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
चार आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में सिम और नकदी बरामद।
ग्रामीणों को योजनाओं का लालच देकर करते थे ठगी।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। लखनऊ एसटीएफ ने आवास विकास कॉलोनी के एक मकान पर छापा मारकर साइबर ठगी के नेटवर्क का राजफाश कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 324 सक्रिय सिम, 158 निष्क्रिय सिम सहित 64 सक्रिय बैंक खाते, आठ मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक फिंगरप्रिंट मशीन, एक फोनपे आईडी कार्ड, दो बाइक और 58 हजार रुपये नकद बरामद किए है।
एसटीएफ के उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आवास विकास कॉलोनी में कमरा किराये पर लेकर साइबर ठगी का गिरोह संचालित था।
छापेमरी में अभिषेक वर्मा निवासी रमवापुर थाना लहरपुर (सीतापुर), नीरज वर्मा निवासी रायपुर निघासन, रविदीप कुमार निवासी बुचुवा पढ़ुआ व आदेश वर्मा निवासी बेलवा शारदानगर को गिरफ्तार किया गया।
योजनाओं का लाभ दिलाने के बहाने ग्रामीणों को बनाते थे निशाना
अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग गरीब और भोले-भाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और अधिक मुनाफे का लालच देकर उनके नाम से सिम कार्ड सक्रिय कराते थे, जिन्हें विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई आईडी से जोड़कर ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी से लेकर साइबर ठगी में इस्तेमाल करते थे। ठगी से प्राप्त रकम की बंदर बांट कर लेते थे। अभियुक्तों ने बताया कि लखनऊ निवासी दीपक सिम कार्डों को बैंक खातों से लिंक कराने में मदद करता था।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि एसटीएफ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह की तहरीर पर आईटी एक्ट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला को सौंपी गई है। इसके अलावा आरोपित दीपक सहित गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी में है।
