छठ पूजा पर रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेन, लखीमपुर और पास के क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगी राहत
Chatth Puja Special Train: ट्रेन रामनगर से पाटिलपुत्र के बीच सात से 21 नवंबर और पाटिलपुत्र से रामनगर के बीच आठ से 22 नवंबर तक तीन- तीन फेरों में चलेगी।

रेलवे ने छठ पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया
HighLights
रामनगर-पाटलिपुत्र के बीच तीन-तीन फेरे लगाएगी छठ पूजा स्पेशल ट्रेन
छठ पूजा स्पेशल ट्रेन मैलानी, गोला और लखीमपुर में होगा ठहराव
संवाद सूत्र, लखीमपुर। दीपावली के साथ ही छठ पूजा पर ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। त्योहार पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों का रुख करते हैं।
इससे नियमित ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी और लंबी प्रतीक्षा सूची की समस्या खड़ी हो जाती है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने रामनगर से पाटलिपुत्र (पटना) के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रामनगर से पाटिलपुत्र के बीच सात से 21 नवंबर और पाटिलपुत्र से रामनगर के बीच आठ से 22 नवंबर तक तीन- तीन फेरों में चलेगी।
रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार रामनगर से यह ट्रेन सुबह 5:50 पर चलकर दोपहर दो बजे मैलानी, 02:30 बजे गोला और तीन बजे लखीमपुर पहुंचकर सीतापुर, गोंडा और बस्ती के रास्ते अगले दिन सुबह 07:35 पर पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वहीं पाटलिपुत्र से ट्रेन सुबह 09:45 पर चलकर अगले दिन रात 03:23 पर लखीमपुर, 03:53 पर गोला और 04:15 पर मैलानी पहुंचकर दोपहर 12:35 पर रामनगर पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से छठ पर्व पर बिहार और पूर्वांचल आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।