विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोला गोकर्णनाथ में पौराणिक शिव मंदिर कॉरिडोर निर्माण अंतिम चरण में, भव्यता की ओर अग्रसर

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:16 PM (IST)

गोला गोकर्णनाथ में 70 लाख की लागत से बन रहा पौराणिक शिव मंदिर कॉरिडोर अंतिम चरण में है। यात्री प्रतीक्षालय, ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर)। छोटी काशी में लगभग 70 लाख रुपये की लागत से बन रहा पौराणिक शिव मंदिर कॉरिडोर निर्माण अंतिम चरण में है। यहां स्टेशन मार्ग पर मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया गया है, जिसमें दिव्यांगों के लिए रैंप की व्यवस्था की गई है।

मुख्य प्रवेश द्वार के बाईं ओर फूल, पत्ते और प्रसाद के दुकानदारों के लिए दुकानें तैयार की गई हैं। इसके निकट तीन मंजिला यात्री सुविधा गृह का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए शौचालय, जूता-चप्पल रखने के लिए लॉकर रूम और आराम करने की व्यवस्था की गई है।

तीर्थ सरोवर के दक्षिण दिशा में तीन मंजिला यात्री प्रतीक्षालय भी तैयार किया गया है, जिसमें पहले मंजिल पर शौचालय, स्नान और भंडारा घर हैं, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

मुख्य प्रवेश द्वार से पौराणिक शिव मंदिर के उत्तर ग्रीन पार्क तक दाईं ओर लगभग 22 फीट ऊंची रिटेनिंग वाल का निर्माण किया गया है, जिस पर भगवान भोलेनाथ के विभिन्न स्वरूपों के चित्र उकेरे गए हैं।

इसके साथ ही, श्री रामचरितमानस और भागवत गीता की चौपाइयां भी लाल पत्थरों से सजी रिटेनिंग वाल पर लिखी गई हैं। पौराणिक शिव मंदिर के चारों ओर लगभग 108 स्तंभों पर परिक्रमा मार्ग का निर्माण किया गया है, और शिव मंदिर के पश्चिम में 11 मंदिरों में विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की जा चुकी हैं।

अभी बाकी है यह काम

पौराणिक शिव मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से अंबेडकर तिराहा होते हुए वीआईपी द्वार तक मार्ग का निर्माण, तीर्थ सरोवर पर ऑक्सीडेशन प्लांट का निर्माण और विद्युतीकरण का कार्य, पीलीभीत धर्मशाला में प्रस्तावित पार्किंग स्थल का काम, और मुख्य प्रवेश द्वार से परिक्रमा मार्ग तक फर्श पर मंडूप पत्थर लगाने का कार्य शेष है।

अंतिम चरण में है यह काम

मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण, तीन मंजिला यात्री सुविधा गृह का काम, पौराणिक तीर्थ सरोवर के पास तीन मंजिला यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण, और शिव मंदिर परिसर में 11 मंदिरों का निर्माण भी अंतिम चरण में है।

छोटी काशी में पौराणिक शिव मंदिर कॉरिडोर निर्माण का काम अंतिम चरण में है। तीन मंजिला यात्री प्रतीक्षालय और सुविधा गृह के साथ परिक्रमा मार्ग का काम लगभग पूरा हो चुका है। शिव मंदिर कॉरिडोर की भव्यता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

-एपी सिंह, इंजीनियर, यूपीपीसीएल

यह भी पढ़ें- 'यदा यदा हि धर्मस्य...' का असली अर्थ: भगवान के आने का इंतजार नहीं, खुद को बदलने की जरूरत है