विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रात के समय घर में दिखा मगरमच्छ तो उड़ी परिवार की नींद, तराई में मगरमच्छों की हलचल से गांव में दहशत

Published: Tue, 13 Oct 2026 07:01 PM (IST)

लखीमपुर खीरी के बिल्हौरा में एक घर में मगरमच्छ घुसने से परिवार में दहशत फैल गई, जिसे वन विभाग ने सुरक्षित पकड़ा।

HighLights

  1. लखीमपुर खीरी के बिल्हौरा में घर में घुसा मगरमच्छ।

  2. परिवार में दहशत, वन विभाग ने सुरक्षित पकड़ा।

  3. तराई क्षेत्र में मगरमच्छों की बढ़ती मौजूदगी से ग्रामीण चिंतित।

जागरण संवाददाता, लखीमपुर। तराई में मगरमच्छों की मौजूदगी अब आबादी के बीच खतरा बन रही है। निघासन और पलिया क्षेत्र में मगरमच्छों की गतिविधियों से लोग पहले ही परेशान हैं। धौरहरा तहसील क्षेत्र में भी इनकी चहलकदमी सामने आ रही है।

हालात यह हैं कि अब मगरमच्छ घरों के भीतर तक पहुंचने लगे हैं। नकहा चौकी क्षेत्र के बिल्हौरा मजरा अहिरनपुरवा में रात के समय एक घर में मगरमच्छ घुसने से परिवार में अफरातफरी मच गई।

रात में सोने से पहले घर में दिखा मगरमच्छ

रामस्वरूप यादव के मुताबिक, परिवार के लोग रात में सोने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक घर में मगरमच्छ दिखाई दिया। उसे देखते ही घरवालों में दहशत फैल गई। आनन-फानन में इसकी सूचना नकहा चौकी प्रभारी स्वतंत्र कुमार वर्मा को दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

वन विभाग के दरोगा सतीश कुमार जायसवाल ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान सिपाही सचिन कुमार, चेतन कुमार, आदर्श कुमार, रवि कुमार और आशीष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

निघासन और पलिया क्षेत्र में मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। धौरहरा क्षेत्र में भी इनके आबादी की ओर आने की घटनाएं लोगों को डरा रही हैं। घर के भीतर मगरमच्छ पहुंचने की घटना ने खतरे को और गंभीर बना दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाए और मगरमच्छ दिखने पर तत्काल बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करे।

यह भी पढ़ें- दर्जिनिया ताल से निकलकर नहरों और गांवों तक पहुंच रहे मगरमच्छ, महराजगंज के ग्रामीणों में दहशत का माहौल

यह भी पढ़ें- हरदोई में गर्रा नदी से निकलकर गांव में घुसा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने रस्सी से बांधा