विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीमपुर में एनएच-30 पर कार ने बाघ को मारी टक्कर, लड़खड़ाने के बाद उठकर जंगल में भागा

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:28 PM (IST)

Tiger in Lakhimpur: महमूदपुर सरैयां क्षेत्र में अचानक सड़क पर आए टाइगर से कार टकरा गई। कार का अगला हिस्सा ...और पढ़ें

टाइगर की सूचना पर वन विभाग ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया

 टाइगर की सूचना पर वन विभाग ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया

HighLights

  1.  कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन एयरबैग खुलने से कार सवार बाल-बाल बच गए। 

  2. सड़क दुर्घटना की जानकारी पर वन विभाग का सर्च आपरेशन

  3. दुर्घटना में चोटिल बाघ की कांबिग व ड्रोन से हो रही बाघ की तलाश

संवाद सूत्र, लखीमपुर । जंगबहादुरगंज क्षेत्र में बीती देर रात नेशनल हाईवे-30 पर बाघ को अर्टिगा कार ने टक्कर मार दी थी। जिसके बाद घायल बाघ गन्ने के खेत में भाग गया था।

लखीमपुर खीरी-हरदोई सीमा के पास बरवर बीट के अंतर्गत जहानीखेड़ा के आसपास बाघ (Tiger) टाइगर की सूचना पर वन विभाग ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अर्टिगा कार मैगलगंज के राजेश कुमार श्रीवास्तव के नाम पंजीकृत है। कार में सवार मैगलगंज के चिकित्सक डॉ अशोक विश्वकर्मा का परिवार उत्तराखंड के कैंची धाम जा रहा था। घटना बीती रात लगभग 12 बजे सिंह ढाबा के पास की है।

महमूदपुर सरैयां क्षेत्र में अचानक सड़क पर आए टाइगर से कार टकरा गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन एयरबैग खुलने से कार सवार बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद टाइगर सड़क किनारे गिरा और फिर उठकर गन्ने के खेत की ओर भाग गया।

जहानीखेड़ा चौकी प्रभारी प्रभात कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एनएचएआई की मदद से वाहन हटवाया। साथ ही सरैया, बंदी पुरवा, पसिगवां माफी, जहानीखेड़ा, जंगबहादुरगंज, धामापुर और आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।

टाइगर की सूचना पर तत्काल मौके पर एसडीओ लखीमपुर, आरओ मोहम्मदी निर्भय प्रताप शाही, आरओ मैगलगंज और आरओ हरदोई अपनी टीम के साथ पहुंचे। मो. उमर डिप्टी रेंजर, अखिलेश सिंह वन दरोगा, रोहित श्रीवास्तव वन दरोगा और पंकज वन दरोगा मौजूद रहे। टीम ने बरवर बीट के आसपास के गन्ने के खेतों में कॉम्बिंग शुरू की।

वन उप निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी बाघ की तलाश की जा रही है। पगमार्क तलाशे जा रहे हैं, लेकिन अभी तक बाघ की कोई लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाई है। घायल होने के कारण बाघ के आक्रामक होने की आशंका है।

वन विभाग और पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि अंधेरे में बाहर न निकलें, बच्चों को अकेले न भेजें, मवेशियों को खुले में न छोड़ें। बाघ या पगमार्क दिखने पर भीड़ न लगाएं और तुरंत 112 या स्थानीय चौकी को सूचना दें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।