नहीं कराई KYC और आधार लिंकिंग तो अटक जाएगी सरकार की इस योजना की किस्त, 2 दिसंबर तक मौका
लखीमपुर खीरी में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लगभग 800 लाभार्थियों की अगली किस्त केवाईसी और आधार लिंकिंग न होने के कारण अटक सकती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 800 लाभार्थियों की किस्त अटकी।
केवाईसी, आधार लिंकिंग, डीबीटी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य।
अभिभावक 2 दिसंबर तक बैंक औपचारिकताएं पूरी करें।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों के खाते में अगली किस्त पहुंचने की राह में बैंक संबंधी औपचारिकताएं बाधा बन सकती हैं। जिले में करीब 800 लाभार्थियों के मामले केवाईसी के अभाव में लंबित हैं।
ऐसे में अभिभावकों की लापरवाही बच्चों को मिलने वाली आर्थिक सहायता पर भारी पड़ सकती है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी लाभार्थियों के अभिभावकों को दो दिसंबर तक बैंक खाते की केवाईसी, आधार लिंकिंग, एनपीसीआई और डीबीटी की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।
योजना की आगामी किस्त की धनराशि आधार आधारित प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से ही बच्चों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए बच्चे के नाम से बैंक खाता होना और उसका आधार से एनपीसीआई मैपिंग होना जरूरी है।
खास बात यह है कि योजना में जिस बैंक खाते का नंबर दर्ज है, धनराशि उसी खाते में भेजी जाएगी। दूसरे खाते की जानकारी देने या केवल आधार लिंक कराने से प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी।
अभिभावक तत्काल बैंक पहुंचकर खाते की स्थिति जांचें और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराएं, ताकि तकनीकी या दस्तावेजी कमी के कारण बच्चों की आर्थिक सहायता बाधित न हो।
यह भी पढ़ें- नेपाल में एशिया का दूसरा सबसे बड़ा झूला पुल टूटा, महाकाली नदी में गिरा बीच का हिस्सा
