200 टन की मशीन लेकर चल रहा 308 पहियों वाला 'बाहुबली ट्रक' मंजिल के करीब पहुंचा, लखीमपुर खीरी में हुई एंट्री
308 पहियों वाला 200 टन वजनी मशीन ले जा रहा विशालकाय ट्रक लखीमपुर खीरी जिले में प्रवेश कर गया है, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
-1792559865583_m.webp)
लखीमपुर पहुंचा 308 पहियों वाला ट्रक
HighLights
308 पहियों वाला ट्रक 200 टन मशीन लेकर खीरी पहुंचा।
मशीन बलरामपुर चीनी मिल के बायो-पॉलिमर प्लांट की है।
सुरक्षित आवाजाही के लिए सड़क खाली कराई गई, भीड़ उमड़ी।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। 308 पहियों वाले विशालकाय ट्रक पर लदी 200 टन वजनी मशीन मंगलवार शाम खीरी जिले की सीमा में पहुंची तो उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
लाखीपुर टोल प्लाजा पर कोई मोबाइल से तस्वीरें खींचता नजर आया तो कोई महाबली ट्रक के साथ सेल्फी लेने में जुटा रहा। असाधारण आकार और सैकड़ों पहियों वाले इस ट्रक को देखने के लिए देर रात तक लोगों में उत्सुकता बनी रही।
बेल्जियम में तैयार की गई यह विशालकाय मशीन कुंभी स्थित बलरामपुर चीनी मिल परिसर में स्थापित किए जा रहे बायो-पालिमर प्लांट की मशीनरी का हिस्सा है। करीब 200 टन वजनी मशीन को विशेष हाइड्रोलिक मल्टी-एक्सल ट्रेलर पर लादकर लाया जा रहा है। हालांकि, ट्रक अभी प्लांट तक नहीं पहुंचा है।
समुद्री मार्ग से पारादीप पहुंची मशीन
मशीन के इस हिस्से को समुद्री मार्ग से ओडिशा के पारादीप बंदरगाह तक लाया गया। इसके बाद विशेष ट्रेलर पर लादकर सड़क मार्ग से कुंभी के लिए रवाना किया गया। रास्ते में झारखंड और बिहार समेत कई क्षेत्रों से गुजरने के बाद ट्रक उत्तर प्रदेश पहुंचा। इसके बाद चंदौली, वाराणसी और पूर्वांचल के विभिन्न इलाकों से होते हुए बलरामपुर और श्रावस्ती के रास्ते मंगलवार शाम खीरी जिले की सीमा में दाखिल हुआ।
सुरक्षित आवाजाही के लिए सड़क कराई खाली
विशालकाय ट्रक के आकार और वजन को देखते हुए उसकी सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष इंतजाम किए गए। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मार्ग पर करीब दो घंटे पहले ही सड़क खाली करा दी गई। ट्रक के गुजरने के दौरान पुलिसकर्मी जगह-जगह मुस्तैद रहे, ताकि आवागमन में बाधा न आए और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।
