खतरे के निशान से ऊपर बह रही शारदा का जलस्तर घटा, सुहेली स्थिर
आधा दर्जन से अधिक गांवों में घुसा पानी फसलें जलमग्न। दो दिन तक उफान पर रही शारदा नदी का जलस्तर घटने लगा है। हांलाकि नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
लखीमपुर : दो दिन तक उफान पर रही शारदा नदी का जलस्तर घटने लगा है। हांलाकि नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, लेकिन बाढ़ का आसन्न खतरा टल गया है। जबकि सुहेली का पानी स्थिर बना हुआ है। दोनों नदियों के उफान से कई गांव प्रभावित हुए है जहां घरों व खेतों में पानी भर गया है। शारदा नदी बीते दो दिन से उफान पर थी। नतीजतन आसपास के कई गांवों में पानी भर गया था और पलिया भीरा रोड पर भी पानी चलने लगा था। रविवार को नदी का जलस्तर कम होने लगा और लगातार कम हो रहा है। जिससे आसपास बसे गांवों में बाढ़ का खतरा टल गया है। बारिश व वनवसा वैराज से पानी का रिलीज कम होने से नदी के जलस्तर में गिरावट आई है। इसके बाद भी नदी 48 सेमी खतरे के निशान से ऊपर है। शारदा की वजह से खलेपुरवा, दुबहा, गोविदनगर, श्रीनगर, आजादनगर, बबरदनगर, मरौचा, नगला आदि गांव प्रभावित है। उधर सुहेली का पानी स्थिर बना हुआ है। घोला व निषादनगर में पानी भर गया है। खेतों में भी पानी भरा हुआ है।
शारदा का जलस्तर इस समय 154.100 से बढ़कर 154.580 पर है, जो खतरे के निशान से 48 सेमी ऊपर है।