पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों पर बिफरा विपक्ष
कांग्रेसियों ने ठेलिया पर स्कूटी और मोटरसाइकिल लादकर और रस्सी से चार पहिया वाहन खींचकर विरोध प्रदर्शन किया। सपाइयों ने बैलगाड़ी पर बैठकर पूरे शहर का भ्रमण किया। राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों ने भी कलेक्ट्रेट पहुंच कर ज्ञापन सौंपा।
लखीमपुर : पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर पूरा विपक्ष गुरुवार को सड़क पर उतर आया। जहां कांग्रेसियों ने ठेलिया पर स्कूटी और मोटरसाइकिल लादकर और रस्सी से चार पहिया वाहन खींचकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं सपाइयों ने बैलगाड़ी पर बैठकर पूरे शहर का भ्रमण किया। दोनों दलों के लोगों ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा। राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों ने भी कलेक्ट्रेट पहुंच कर ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कहा कि देश में आजादी के बाद ऐसा पहली बार है कि डीजल, पेट्रोल से मंहगा हुआ है। डीजल देश की अर्थव्यवस्था की धुरी है। किसान, ट्रांसपोर्टर और कारखाने सब डीजल पर निर्भर हैं। धरना-प्रदर्शन में निवर्तमान शहर अध्यक्ष संजय गोस्वामी, सुजीता कुमारी, मंजू मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, प्रेम कुमार वर्मा, सहजन दीक्षित, सुनील कुमार अवस्थी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा कार्यकर्ताओं ने भी पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अमित वर्मा, प्रदेश सचिव मजदूर सभा सुरेंद्र कुमार, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष रियाजउल्ला खां के संयुक्त नेतृत्व में बैलगाड़ी पर बैठकर शहर के प्रमुख मार्गों प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय लोकदल के युवा इकाई जिलाध्यक्ष दानिश हुसैन की अगुवाई में ज्ञापन सौंपा गया। इन्होंने बताया कि संपूर्ण देश में पेट्रोलियम कंपनियां लगातार 17 दिन से पेट्रोल और डीजल के मूल्यों में वृद्धि कर रही हैं और केंद्र व प्रदेश की सरकारें पेट्रोल उत्पादों पर टैक्स भी कम नहीं कर रही हैं।