सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के दो आरोपितों के खिलाफ एनएसए की कारवाई
थाना ईसानगर क्षेत्र में अनुसूचित जाति की बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों के खिलाफ डीएम ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कारवाई की है।
लखीमपुर : थाना ईसानगर क्षेत्र में अनुसूचित जाति की बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों के खिलाफ डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कारवाई की है। दोनों आरोपितों को एनएसए की नोटिस तामील करा दी गई है।
14 अगस्त 2020 को थाना ईसानगर क्षेत्र में अनुसूचित जाति की 13 वर्षीय बालिका के साथ गांव के संतोष यादव व संजय गौतम ने गन्ने के खेत में सामूहिक दुष्कर्म किया और दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी थी, बालिका के पिता की तहरीर पर संतोष यादव व संजय गौतम के खिलाफ अनुसूचित जाति निवारण एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। संतोष यादव जेल में है। दोनों के द्वारा किए गए अपराध से क्षेत्र में दहशत है और लोक शांति भंग हुई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनएसए की करवाई की है। अभियोजन अधिकारी एसपी यादव ने बताया कि दोनों आरोपित जमानत पर छूटने के प्रयास कर रहे थे। दोनों आरोपितों एनएसए की नोटिस तामील करा दी गई है।