ठंड के साथ बढ़ रही गलन ने बढ़ाई मुश्किलें
लखीमपुर : रविवार को मौसम का पारा एक डिग्री और नीचे आया तो गलन बढ़ गई। सुबह से शाम तक
लखीमपुर : रविवार को मौसम का पारा एक डिग्री और नीचे आया तो गलन बढ़ गई। सुबह से शाम तक लोग ठिठुरते रहे। सुबह के वक्त भी आसमान में घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते धूप देर से निकली। करीब आठ बजे के बाद धूप के दर्शन हुए। अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन-ब-दिन गिरता पारा जनमानस के लिए समस्या बना हुआ है। सड़कों पर आते-जाते लोग भी अलाव ताप रहे हैं। नगर पालिका ने करीब 10 स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था कर दी है। शहर के सदर चौराहे, हीरालाल धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड रोड व जिला अस्पताल समेत विभिन्न जगहों पर जल रहे अलाव से शहरवासियों को राहत मिल रही है। रविवार को पारा और नीचे आया तो न्यूनतम तापमान भी 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूरे दिन गलन से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े पहने रहे। शाम ढलते ही लोग घरों में भी आग तापते नजर आए। ठंड के मौसम में विशेषकर बुजुर्ग घरों में या तो आग तापते रहते हैं या गर्म कपड़े पहन कर रजाई गद्दों में बैठे रहते हैं। शहर के हाईवे पर सुबह कोहरे की चादर दिखाई देने लगी है। जिसके चलते वाहनों की रफ्तार भी कम होती नजर आ रही है।