अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो अभियुक्त गिरफ्तार
थाना पलिया पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करके दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बड़ी संख्या में बने व अधबने अवैध शस्त्र एवं कारतूस बरामद।
लखीमपुर : थाना पलिया पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करके दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मौके से बड़ी संख्या में बने व अधबने अवैध शस्त्र एवं कारतूस आदि पुलिस ने बरामद किए हैं।
एसपी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन एवं एएसपी अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में इन दिनों जिले भर में अपराध की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान शुक्रवार की रात थाना पलिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के ग्राम बनवीरपुर मजरा गुलरा टांडा में छापा डालकर एक झोपड़ी के अंदर संचालित अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का राजफाश किया। पुलिस ने मौके से गुरमीत सिंह निवासी बनवीरपुर मजरा गुलरा टांडा, थाना पलिया व एहसान अहमद खान निवासी गुलाबनगर, थाना मैलानी को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से देशी बंदूक 12 बोर, अद्धी 12 बोर, तीन तमंचा 12 बोर, तीन तमंचा 315 बोर, तीन अर्धनिर्मित तमंचा 315 बोर, दो जिदा कारतूस 12 बोर, तीन खोखा कारतूस 12 बोर, तीन जिदा कारतूस 315 बोर, 10 खोखा कारतूस 315 बोर, एक डमी 315 बोर एवं अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। उक्त बरामदगी व गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन को एसपी ने 5000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।