जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित चार बच्चे भर्ती
मुख्य चिकित्साधीक्षक ने बताया कि बदलते मौसम में बुखार के मरीज बढ़ने लगे है।
लखीमपुर : बीते 24 घंटों में जिला अस्पताल में साधारण बुखार से पीड़ित चार बच्चे भर्ती किए गए हैं। इसमें दो महेवागंज, एक निघासन तथा एक मैलानी का है। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में इक्का-दुक्का मरीजों का आना शुरू हो गया है। इसमें महेवागंज के शादाब का पांच साल का पुत्र सैफ तथा इंद्रजीत की छह वर्षीय पुत्री जती भर्ती की गई है। इसके अलावा निघासन के बंसी का 10 वर्षीय पुत्र नीरज तथा मैलानी के हेतराम की डेढ़ साल की पुत्री प्रतीक्षा को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरसी अग्रवाल का कहना है कि कोरोना के चलते पिछले दो महीनों से बच्चों का आना कम था। लोग बच्चे कम भर्ती कर रहे थे, पर अब बच्चों की आमद शुरू हो गई है, क्योंकि बदलते मौसम में बुखार के मरीज बढ़ने लगे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि बच्चों को बदलते मौसम में काफी सुरक्षा की जरूरत है। उन्होंने बताया कि बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं, बंद कमरे से अचानक ठंडी हवा में बिल्कुल न लाएं। उनके खान-पान पर चिकित्सक से परामर्श करके ही उन्हें दूध या अन्य खाने-पीने की चीजें दें, जिससे जल्दी-जल्दी बीमार न पड़ें।