'आस्था से दूर भाजपा राम को बना रही वोटबैंक'
लखीमपुर: अयोध्या के पूर्व विधायक व सपा के प्रदेश सचिव जयशंकर पांडेय ने भाजपा पर झूठ बोल कर
लखीमपुर: अयोध्या के पूर्व विधायक व सपा के प्रदेश सचिव जयशंकर पांडेय ने भाजपा पर झूठ बोल कर जनता का विश्वास जीतने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा आस्था से कोसों दूर है और राम के नाम पर सिर्फ अपना वोटबैंक साध रही है। 1977 व 1989 में अयोध्या से विधायक रहे जयशंकर पांडेय ने कहा कि राजनीति का स्तर दिनोंदिन गिरता जा रहा है। जब वे विधायक थे तो अयोध्या में राम थे लेकिन, अब राम भाजपा के लिए मनीराम हो गए हैं। भाजपा जो कहती है वो निश्चित तौर पर भूल जाती है। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव भाजपा बनाम जनता के बीच होगा। जिसमें निश्चित तौर पर जनता भाजपा को उखाड़ फेंकेगी।
1990 से लेकर 2017 तक फैजाबाद के सपा जिलाध्यक्ष रहे 71 वर्षीय जयशंकर पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दयापात्र बताया। कहा, उत्तराखंड में अविरल गंगा के लिए अनशन पर बैठे संत जीडी अग्रवाल की मृत्यु हो गई लेकिन भाजपा की सरकार या संगठन के नेताओं तक ने उनकी सुधि नहीं ली। उन्होंने कहा कि जब भाजपा चुनाव जीती थी तो लगा कि ये बौद्धिक लोग हैं, इनसे उम्मीद बंध गई लेकिन, अब तक की सरकार के कार्यकाल से आम आदमी निराश हुआ है। एमएलसी शशांक यादव ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, रुपये के गिरते दाम, पेट्रोल जैसी समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए राममंदिर का राग अलापा जा रहा है। उन्होंने शिक्षा का भगवाकरण कर गलत तथ्यों को पढ़ाने का आरोप लगाया।