क्वारंटाइन सेंटर में गूंजी किलकारी, नेपाली महिला ने बच्चे को दिया जन्म
संवादसूत्र पलियाकलां (लखीमपुर) देश के विभिन्न नगरों में काम कर रहे नेपाली नागरिकों का स्वदेश वापसी के लिए यहां आना जारी है। इनमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल है। इन्ही में एक ऐसी महिला भी शामिल थी जो गर्भवती थी।
लखीमपुर: देश के विभिन्न नगरों में काम कर रहे नेपाली नागरिकों का स्वदेश वापसी के लिए यहां आना जारी है। इनमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल है। इन्ही में एक ऐसी महिला भी शामिल थी जो गर्भवती थी। पलिया पहुंचने के बाद उसे दर्द शुरु हुआ तो अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। नेपाल के बझांग जिले पूजा पत्नी दिनेश दिल्ली में रहती थी वह गर्भवती थी। लेकिन स्वदेश जाने की चाह में वे दिल्ली से पलिया आ गए और यहां आने के बाद उन्हे बल्देव वैदिक इंटर कालेज में क्वारंटाइन कर दिया गया। मंगलवार को उसे प्रसव पीड़ा हुई तो फौरन उसकी सूचना तहसीलदार आशीष कुमार सिंह को दी गई। तहसीलदार ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया जहां पर उसने एक पुत्र को जन्म दिया। इसकी सूचना जब एसडीएम पूजा यादव को लगी तो वह भी अस्पताल पहुंची और प्रसूता व उसके बच्चे के लिए तमाम खिलौने व कपड़े आदि उपलब्ध कराए। इसके बाद जच्चा बच्चा दोनों को बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज के एक कमरे में अलग रखा गया है। तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने भी नवजात बच्चे के लिए कपड़े व माता पिता को मिठाई सौंप कर बधाई दी।