किसानों को कॉरपोरेट सेक्टर का गुलाम बनाने की साजिश हैं कृषि विधेयक
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तरुण पटेल ने कहा कि
लखीमपुर : किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तरुण पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा से किसान विरोधी रही है। सरकार के तीनों कृषि विधेयक किसानों को कॉरपोरेट सेक्टर का गुलाम बनाने की साजिश हैं। तरुण पटेल ये बातें कांग्रेस भवन पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कह रहे थे। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी सरकार को बताया किसान विरोधी।
किसान कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही किसान स्वाभिमान यात्रा को लेकर पहुंचे तरुण पटेल ने यहां कई गांवों में सभाएं करके भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों को लेकर लोगों को जागरूक किया। प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों की सुरक्षा को लेकर किसान स्वाभिमान यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा बीते 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती से पूरे प्रदेश में निकाली जा रही है और यह 15 दिसंबर तक चलेगी। उन्होंने बताया कि किसान के बीच की यात्रा है, जिसमें किसान के मान-सम्मान और उनके भविष्य की सुरक्षा व उनके स्वाभिमान की बात की जा रही है। यात्रा के समापन के उपरांत आगामी 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री व किसान नेता चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर किसान कांग्रेस लखनऊ में प्रदेश स्तरीय किसान सभा का आयोजन कर रही है। तरुण पटेल ने कहा कि वन नेशन वन मार्केट की सूली पर किसानों को चढ़ाने वाली केंद्र सरकार की नियत में खोट है। मोदी सिर्फ उद्योगपतियों के नेता हैं, किसानों के नेता नहीं हैं। आज भारत को कांग्रेस की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री किसान ही होगा। प्रेसवार्ता में किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपुल गुप्ता, प्रदेश महासचिव राजेश अवस्थी, प्रदेश सचिव शुभम सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी दीपक बाजपेई, रवि तिवारी, पंकज दीक्षित व रवि गोस्वामी आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।