पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस फिर सड़कों पर
ब्लॉक मुख्यालयों पर किया धरना-प्रदर्शन। शनिवार को कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन जिले के सभी ब्लॉकों पर आयोजित किया गया।
लखीमपुर : लगातार बढ़ती जा रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन जिले के सभी ब्लॉकों पर आयोजित किया गया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर लखीमपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने विकास खंड अधिकारी के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। संजय गोस्वामी ने कहा जब देश आर्थिक संकट से जूझ रहा है, इस वक्त देश में डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ाकर जनता को संकट में झोंक दिया गया है। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कोमल सिंह ने कहा देश और प्रदेश की भाजपा सरकार सिर्फ हवाई घोषणाएं कर रही है। धरना प्रदर्शन में राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, हरगोविद वर्मा, राजेश प्रधान, रवि गोस्वामी, प्यारेलाल, फारुख सिद्दीकी, लतीफ आजम, अंजुम कद्र उस्मानी आदि कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ब्लॉक धौराहरा और ईसानगर में खंड विकास अधिकारी को डीजल और पेट्रोल की बढ़ती हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के लिए राष्ट्रपति महोदय को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान पीसीसी सदस्य रवि प्रताप सिंह ने कहा कि आम आदमी कोरोना महामारी से अपना परिवार किसी तरह से चला रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार आम जनता के ऊपर महंगाई बढ़ाती चली जा रही है। पीसीसी सदस्य राजीव अग्निहोत्री, कमलेश मिश्रा, पप्पू बबुरी, लतीफ अहमद, यज्ञदत्त त्रिवेद, अलीम किरमानी, विनोद मिश्रा, रामू त्रिवेदी, विशाल, आनंद वर्मा, अनिल गुप्ता सहित सहित दो दोनों ब्लॉकों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पसगवां : डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बेतहासा वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन पसगवां बीडीओ अमित सिंह को सौंपा। ज्ञापन देने से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। रैली में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शंकर बख्श सिंह, सुशील कुमार शुक्ल, रिजवान बबलू, परमेश्वरदीन शुक्ला, मंचिता कुमारी, सरला देवी, रामादेवी, राकेश कुमार, मोहन धारिया, संदीप गुप्ता, मुश्ताक अली आदि रहे।