वस्त्र वितरण रामकृष्ण मिशन के सेवा भाव का प्रमाण
लखीमपुर : गिरते पारे से ठिठुरते लोगों को राहत देने के लिए रामकृष्ण मिशन ने पहल की ह
लखीमपुर : गिरते पारे से ठिठुरते लोगों को राहत देने के लिए रामकृष्ण मिशन ने पहल की है। इसके तहत रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम लखनऊ के तत्वावधान में रविवार को भगवानदीन आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के सभागार में मूक-बधिर, अनाथ और गरीब बच्चों को जहां गर्म कपड़े बांटे गए। वहीं शहर की 25 वृद्ध महिलाओं को कंबल भी बांटे गए। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम की जिला इकाई के सचिव अनूप सक्सेना के संचालन में भगवानदीन आर्य कन्या महाविद्यालय के सभागार में वस्त्र वितरण का आयोजन किया गया। जिसकी शुरुआत बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष नीरू पुरी ने स्वामी विवेकानंद व माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके की। विशिष्ट अतिथि आर्य कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुरचना त्रिवेदी ने कहा कि यह वस्त्र वितरण कार्यक्रम रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के सेवा भाव का प्रत्यक्ष परिचायक है। कार्यक्रम में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के अनादि चैतन्य ब्रह्मचारी और अमित ब्रह्मचारी ने मौजूद लोगों को सेवा का उपदेश दिया। करीब ढाई सौ मूक बधिर तथा अनाथ बच्चों को गर्म कपड़े बांटे गए। वहीं 25 वृद्ध महिलाओं को जो कि ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्र की थी, उन्हें कंबल दिए गए। वस्त्र वितरण कार्यक्रम में रामकृष्ण सेवाश्रम के अनीस, दिलीप, कोषाध्यक्ष अजय सक्सेना, अभिषेक, ओमप्रकाश, अनुज समेत अनेक लोग शामिल थे।