बांका मारकर युवक की हत्या, तीन नामजद
आरोपितों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश। आरोपितों को संदेह था कि युवक ने उनके परिवार की बेटी की प्रेमी के साथ भागने में मदद की थी।
लखीमपुर : कस्बा धौरहरा के निकट रामबट्टी में शुक्रवार रात एक युवक की बांका मारकर हत्या कर दी गई। आरोपितों को संदेह था कि युवक ने उनके परिवार की बेटी की प्रेमी के साथ भागने में मदद की थी। मृतक अपनी मां का इकलौता सहारा था। मां की तहरीर पर पुलिस ने कस्बे के ही तीन सगे भाइयों को हत्या में नामजद किया है।
कस्बा के मनिहार वार्ड निवासी मनोज (20) पुत्र रामलखन शुक्रवार की रात करीब पौने दस बजे घर से कुछ ही दूर रामबट्टी में रिश्तेदार रमेश के घर गया था। पुलिस को दी तहरीर में मनोज की मां जुगता ने आरोप लगाया है कि वहीं पर प्रकाश, प्रधान और हरिश्चंद्र से उसकी कहासुनी हुई और इन लोगों ने बांके से मनोज की गर्दन पर प्रहार कर उसे मार डाला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस मनोज को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनोज की मां का कहना है कि बीते फरवरी महीने में प्रकाश की पुत्री मुहल्ले के ही अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। प्रकाश व उसके भाइयों को शक था कि मनोज ने इस काम में उसकी मदद की है। पुलिस की तफ्तीश में भी यही बात सामने आई है। दोनों परिवार एक ही मुहल्ले के और आपस में रिश्तेदार भी है। इसलिए घरों के पास पुलिस बल तैनात है। कोतवाल डीपी तिवारी के मुताबिक आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।