भूमि विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर किया गड़ासा से हमला, हालत गंभीर
राज बहादुर व रामजी गुप्ता सगे भाई हैं। दोनों के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है। सुबह रामजी विवादित भूमि पर शौचालय का निर्माण कराने लगे। जानकारी पर पहुंचे राज बहादुर ने यह कहते हुए निर्माण कार्य रोकवा दिया कि वह भूमि उनकी है।
कुशीनगर: विवादित भूमि पर शौचालय निर्माण कराने को लेकर हनुमानगंज थाना क्षेत्र के गांव नौतार जंगल में दो सगे भाइयों में शुक्रवार को विवाद हो गया। नाराज छोटे भाई ने गड़ासा से बड़े भाई पर ताबड़तोड़ हमला बोल मरणासन्न कर दिया। गांव के लोगों की मदद से घायल को अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार होते न देख जिला अस्पताल के डाक्टरों ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपित भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
राज बहादुर व रामजी गुप्ता सगे भाई हैं। दोनों के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है। सुबह रामजी विवादित भूमि पर शौचालय का निर्माण कराने लगे। जानकारी पर पहुंचे राज बहादुर ने यह कहते हुए निर्माण कार्य रोकवा दिया कि वह भूमि उनकी है। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। शोर सुनकर रामजी की पत्नी कुसुमावती व बेटा कन्हैया लाठी-डंडा लिए आ गए। इसी बीच रामजी वहां से तेजी से दौड़ते हुए घर में गया और गड़ासा लिए आया। राजबहादुर अपने को बचाते इससे पहले ही उसने उन पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। सिर व गले पर गंभीर चोट आने से राजबहादुर अचेत हो गए।
गांव के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रामजी को गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि राजबहादुर की पत्नी की तहरीर पर आरोपितों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रामजी को न्यायालय ले जाया जा रहा है, फरार अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी
फाजिलनगर कस्बे में गुरुवार की रात चोरों ने अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकान को निशाना बनाया। अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला तोड़कर चोर बड़ी मात्रा में शराब उठा ले गए। बीयर की दुकान से खटर-पटर की आवाज सुनकर आस-पास के लोग जग गए तो चोर फरार हो गए।
आशुतोष की फोरलेन मार्ग पर अंग्रेजी शराब व बीयर की अगल-बगल दुकान है। मुनीब शशिभूषण सिंह रात लगभग आठ बजे दुकान बंद कर कस्बा स्थित मकान पर चले गए। सुबह आसपास के दुकानदारों से उन्हें घटना की जानकारी हुई। मुनीब ने इसकी सूचना आशुतोष को दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गुरुवार को ही शराब की खेप मंगाई थी। दुकान से 62 पेटी शराब गायब है। बीयर की दुकान का भी चोरों ने ताला तोड़ने का प्रयास किया, हालांकि आस-पास के लोग जग गए तो चोर फरार हो गए। एसएचओ अतुल्य पांडेय ने बताया कि जांच चल रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।