लॉकडाउन के उल्लंघन पर 33 गिरफ्तार
मंगलवार को निकले पुलिस अफसरों ने बिना आवश्यक काम के सड़क पर घूमते मिले लोगों को कड़ी फटकार लगाइ
कुशीनगर : लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस अब सख्त कार्रवाई करेगी। लॉकडाउन का जायजा लेने मंगलवार को निकले पुलिस अफसरों ने बिना आवश्यक काम के सड़क पर घूमते मिले लोगों को कड़ी फटकार लगाई। थानेदारों को निर्देश दिया कि सड़क पर बेवजह घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।
कोरोना के खिलाफ जंग में बीते 24 मार्च को ही जिले में लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई थी। पुलिस शहरी व ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर लोगों को घरों में रहने के लिए जागरूक कर रही। बावजूद कुछ लोग लॉकडाउन के दौरान घरों से बाहर निकल इसका उल्लंघन कर रहे हैं। पुलिस अब ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
मंगलवार को लॉकडाउन का जायजा लेने निकले एसपी विनोद कुमार मिश्र, एएसपी अयोध्या प्रसाद ने सड़क पर चलते मिले वाहनों को रोक उसमें सवार लोगों से कारण पूछा तो वे कोई उचित जवाब नहीं दे सके। इस पर अफसरों ने कड़ी फटकार लगाते हुए पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान कोई भी व्यक्ति अगर सड़कों पर घूमते पाया जाएगा तो पुलिस उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। लॉकडाउन में सिर्फ आवश्यक सेवाएं ही बहाल रहेंगीं। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है, ऐसे लोगों पर पुलिस की पूरी नजर है। लॉकडाउन के उल्लंघन के अब तक आठ मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 33 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इसी तरह 465 वाहनों का चालान कर 21 वाहनों को सीज किया गया। दो लाख 27 हजार 600 रुपये समन शुल्क वसूला गया। बताया कि जिले में 100 बैरियर बनाए गए हैं। जनपद पूरी तरह सील है। जिले में एकीकृत कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है। 05564-240590 पर फोन कर कोरोना के खिलाफ जंग में जरूरी सूचना देने के अलावा लोग जरूरी मदद ले सकते हैं।
अयोध्या प्रसाद सिंह, एएसपी, कुशीनगर