विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी-बिहार सीमा पर बालू तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, छह ट्रक सीज

Published: Sun, 10 May 2026 10:56 AM (IST)

यूपी-बिहार सीमा पर पुलिस-प्रशासन ने सघन जांच अभियान चलाकर मोरंग/बालू लदे छह ट्रकों को सीज किया। यह कार्रवाई ओवरलोडिंग और ...और पढ़ें

बथना कुट्टी में फोरलेन पर खड़ी बालू लदे ट्रक। जागरण

बथना कुट्टी में फोरलेन पर खड़ी बालू लदे ट्रक। जागरण

HighLights

  1. यूपी-बिहार सीमा पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

  2. मोरंग/बालू लदे छह ओवरलोड ट्रक सीज किए गए।

  3. बालू तस्करों में हड़कंप, अभियान जारी रहेगा।

जागरण संवाददाता, कुशीनगर। यूपी-बिहार सीमा पर पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए गए सघन जांच अभियान में मोरंग, लाल बालू, लदे चार ट्रकों को सीज कर दिया गया। पटहेरवा क्षेत्र में भी दो ट्रकों को सीज किया गया। बार्डर क्षेत्र में शुक्रवार आधी रात को शुरू हुई जांच की जानकारी होते ही बालू तस्करों में खलबली मच गई। परिणाम हुआ कि शनिवार को बिहार सीमा में फाेरलेन किनारे ट्रकों की कतार लग गई।

तरयासुजान संवादसूत्र के अनुसार बिहार से कुशीनगर के रास्ते मोरंग की तस्करी की लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेकर पुलिस-प्रशासनिक टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। बहादुरपुर पुलिस चौकी के समीप फोरलेन पर मोरंग लदे चार ट्रकों को रोक पुलिसकर्मी व खान अधिकारी अभिषेक सिंह की टीम ने जांच की तो ट्रक ओवरलोड व बिना वैध कागजात के संचालित होते मिले।

ट्रकों को कब्जे में ले पुलिस थाने ले गई, जहां सभी को सीज कर दिया गया। छानबीन में पता चला कि ट्रकों पर लोड बालू गोरखपुर व महराजगंज ले जाया जा रहा था। पटहेरवा संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र में भी फोरलेन पर मोरंग लदे दो ट्रकों को पकड़ पुलिस ने सीज कर दिया। चालकों के पास मोरंग से जुड़ा कागजात नहीं था।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: सिलेंडर ट्रक ने दंपती को कुचला, तीन घायल

सीओ जयंत यादव ने बताया कि बीती रात की गई छापेमारी में 13 धंधेबाजों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। मोरंग की तस्करी किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। एसपी केशव कुमार ने बताया कि बिहार से मोरंग की तस्करी की शिकायत मिलने पर अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

व्यवस्था सख्त, बिहार में फोरलेन किनारे लगी ट्रकों की कतार
यूपी-बिहार बार्डर पर चौकसी बढ़ने का असर बिहार क्षेत्र में देखने को मिला। शनिवार को बार्डर के जिले गोपालगंज के बथनाकुटी के नजदीक तक फोरलेन पर ट्रकों की कतार लग गई। इन ट्रकों पर मोरंग लोड है। चर्चा है कि धंधेबाज इंतजार में हैं कि बार्डर क्षेत्र में बढ़ी चौकसी हटे तो वे ट्रकों को लेकर अपने गंतव्य को रवाना हों।

बता दें कि बिहार से आने वाले बालू लदे ट्रकों को यूपी में प्रवेश करने पर 35 सौ रुपये का ई-एसटीपी जमा करना पड़ता है। चालक टैक्स बचाने के लिए देर रात बहादुरपुर बार्डर पर तिरपाल लगाकर तथा नंबर पर कपड़ा बाध ढक देते हैं ताकि वे अपने मकसद में कामयाब हो सकें। खान अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि बालू तस्करी को रोकने के लिए विभाग तत्पर है।