कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: सिलेंडर ट्रक ने दंपती को कुचला, तीन घायल
कुशीनगर में ससुराल से लौट रहे एक दंपती को रसोई गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उनकी मौके ...और पढ़ें

मृतक गिरिजेश व प्रियंका। जागरण
HighLights
ससुराल से लौट रहे दंपती की मौके पर मौत।
रसोई गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने बाइक को रौंदा।
दुर्घटना में तीन अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल।
संवाद सूत्र, नेबुआ नौरंगिया, कुशीनगर। ससुराल से लौट रहे बाइक सवार दंपती को रसोई गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने रौंद दिया, मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर से बाइक सवार तीन अन्य घायल हो गए, उनकी भी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को दौड़ा कर लोगों ने घेरा तो वह ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। दुर्घटना शनिवार को दोपहर बाद नेबुआ नौरंगिया थाना के लक्ष्मीपुर पेट्रोल पंप के समीप हुई।
नेबुआ नौरंगिया थाना के ही नेबुआ रायगंज निवासी 36 वर्षीय गिरिजेश अपनी 32 वर्षीय पत्नी प्रियंका के साथ शनिवार की सुबह ससुराल नरसेनवा गांव गए थे। दोपहर बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पडरौना-पनियहवा मार्ग पर लक्ष्मीपुर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार रसोई गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने उनकी बाइक को रौंदते हुए निकल गया।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रक चालक ने दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दिया, जिससे उस पर सवार कप्तानगंज थाना के नारायण भड़सर गांव निवासी विनय, सतेंद्र और चिनकू घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में प्रेमी के पास जा रही युवती को भाइयों ने थाना परिसर में पीटा, हंगामा
घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी कोटवा पहुंचाया गया। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक को भी पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
