विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी चुनाव से पहले अपराधियों की लिस्ट तैयार कर रही पुलिस, मतदान केंद्रों की बन रही रिपोर्ट

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:35 PM (IST)

कुशीनगर पुलिस ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस उन लोगों को चिह्नित कर रही है।

केशव कुमार, एसपी, कुशीनगर। फोटो जागरण

केशव कुमार, एसपी, कुशीनगर। फोटो जागरण

HighLights

  1. 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू की।

  2. पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा।

  3. संवेदनशील मतदान केंद्रों की रिपोर्ट भी तैयार हो रही है।

जागरण संवाददाता, पडरौना। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे लोगों को चिह्नित करने में जुटी है, जिनसे चुनाव के दौरान हिंसा, मारपीट या खून-खराबे की आशंका हो सकती है।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, चुनावी रंजिश तथा पिछले चार विधानसभा चुनाव में हुईं घटनाओं में शामिल रहे लोगों की जानकारी जुटाकर सूची तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकना है।

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जनपद पुलिस ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने थानेदारों को चुनाव में खलल डालने वालों को चिह्नित कर उन पर नकेल कसने के निर्देश दिए हैं।

कहा है कि थानावार ऐसे लोगों का रिकॉर्ड तैयार कर लिया जाए, जिनका पूर्व में हुए चुनाव में मारपीट, अवैध असलहों के इस्तेमाल, धमकी या चुनावी विवाद में नाम सामने आया है। इसके अलावा शहर, कस्बों व गांवों में चल रहे भूमि विवाद, आपसी रंजिश और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई को भी प्राथमिकता से देखा जा रहा है।

संबंधित बीट पुलिसकर्मियों को ऐसे मामलों की जानकारी जुटाने और विवादों की स्थिति का आंकलन करने की जिम्मेदारी दी गई है। सूची तैयार होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई, पाबंद करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाने के साथ ही गश्त और सूचना तंत्र मजबूत किया जाएगा।

जिले में कुल सात विधानसभा क्षेत्र

कुशीनगर, हाटा, रामकोला, खड्डा, पडरौना, फाजिलनगर, तमकुहीराज समेत कुल सात विधानसभा क्षेत्र हैं।

संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की बन रही रिपोर्ट

निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने को लेकर पुलिस संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केंद्रों को चिन्हित कर अगल से रिपोर्ट तैयार कर रही। इसी आधार पर चिन्हित मतदान केंद्रों में निवास करने वाले अराजकतत्व, व्यवस्था में बाधा खड़ी करने वालों पर शिकंजा कसेगा।

विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। सभी थानेदारों को चुनाव में शांति व्यवस्था कायम करने की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले चार विधानसभा चुनाव में विवादित रहे लोगों का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है। उन पर नजर रखी जाएगी। बड़े अपराध से जुड़े लोगों को जिला बदर किया जाएगा। पहली कड़ी में सभी को अपने अपने क्षेत्र में विवाद करने वालों की सूची तैयार करने को कहा गया है। -केशव कुमार, एसपी, कुशीनगर।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।