विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुशीनगर में बुद्धभूमि पर थाईलैंड के 40 सदस्यीय दल ने की पूजा, महापरिनिर्वाण मंदिर में चढ़ाया चीवर

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:44 PM (IST)

थाईलैंड के 40 सदस्यीय दल ने कुशीनगर की बुद्धभूमि पर भगवान बुद्ध के प्रति श्रद्धा अर्पित की और विश्व शांति की कामना की। इस दल ने महापरिनिर्वाण मंदिर में चीवर चढ़ाकर विशेष पूजा की।

कुशीनगर महापरिनिर्वाण मंदिर में बुद्ध प्रतिमा पर चीवर चढ़ाने के बाद पूजा करते थाईलैंड के बौद्ध श्रद्धालु। फोटो जागरण

कुशीनगर महापरिनिर्वाण मंदिर में बुद्ध प्रतिमा पर चीवर चढ़ाने के बाद पूजा करते थाईलैंड के बौद्ध श्रद्धालु। फोटो जागरण

HighLights

  1. थाईलैंड के 40 सदस्यीय दल ने कुशीनगर में बुद्धभूमि का दौरा किया।

  2. महापरिनिर्वाण मंदिर में भगवान बुद्ध को चीवर चढ़ाकर पूजा की।

  3. भारतीय बच्चों के साथ सांस्कृतिक और बौद्धिक अनुभव साझा किए।

संवाद सूत्र, बुद्धनगरी (कुशीनगर)। बुद्धभूमि कुशीनगर में गुरुवार को थाईलैंड के 40 सदस्यीय डेलीगेशन ने भगवान बुद्ध के प्रति श्रद्धा निवेदित कर विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की। यंग एंबेसडर ऑफ वर्च्यू फाउंडेशन (सदाचार के युवा राजदूत फाउंडेशन) के इस दल ने महापरिनिर्वाण मंदिर में बुद्ध की लेटी प्रतिमा पर चीवर चढ़ाकर विशेष पूजा की।

बौद्ध परिपथ की यात्रा पर भारत आए दल ने बुद्धस्थलों के दर्शन के साथ भारतीय बच्चों से संवाद कर अपने अनुभव भी साझा किए। दिल्ली स्थित थाईलैंड दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन के मुंगटीन के नेतृत्व में आए डेलीगेशन ने सबसे पहले महापरिनिर्वाण मंदिर में पूजा-अर्चना की।

थाई बुद्धिस्ट मोनास्ट्री के चीफ मांक ने सदस्यों को कुशीनगर के ऐतिहासिक महत्व और भगवान बुद्ध से इसके गहरे संबंधों की जानकारी दी। इसके बाद दल ने बुद्ध के अंतिम संस्कार स्थल रामाभार स्तूप का दर्शन-पूजन किया। बुद्ध के धातु वितरण स्थल पर भी श्रद्धा निवेदित की।

स्कूलों के बच्चों के कार्यक्रम में भी हुए शामिल

डेलीगेशन ने प्रातःकाल थाई मोनास्ट्री के उपोसथ हाल में आयोजित पूजा कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके बाद मोनास्ट्री द्वारा संचालित टोंकला बुद्धिस्ट संडे स्कूल के बच्चों के कार्यक्रम में शामिल हुआ।

भारतीय और थाई बच्चों ने एक-दूसरे से महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और बौद्ध संस्कृति, परंपरा तथा सदाचार से जुड़े अनुभवों पर संवाद किया। यात्रा का उद्देश्य बच्चों को बुद्ध के प्रमुख स्थलों का दर्शन कराने के साथ विभिन्न देशों के बच्चों के बीच सांस्कृतिक समझ और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाना है।

नेपाल के लुंबिनी के लिए रवाना होगा डेलीगेशन 

डेलीगेशन में 20 स्कूली बच्चे, 10 शिक्षक, चार स्कूल डायरेक्टर और फाउंडेशन के अधिकारी शामिल हैं। कक्षा पांच और छह में पढ़ने वाले बच्चों की उम्र 11 से 12 वर्ष है। थाई बुद्धिस्ट मोनास्ट्री के मांक इंचार्ज फ्रामहा सोंगक्रान ने बताया कि डेलीगेशन शुक्रवार 27 नवंबर को सुबह आठ बजे सोनौली सीमा के रास्ते नेपाल के लुंबिनी के लिए रवाना होगा।

यह यात्रा 23 नवंबर से दो दिसंबर तक भारत और नेपाल में थाई विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली व काठमांडू स्थित रायल थाई एंबेसी तथा कोलकाता स्थित रायल थाई वाणिज्य दूतावास के सहयोग से आयोजित की जा रही है।

थाई दूतावास के पुरीवात रूंगसित, पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. प्राण रंजन, आर्यवीर शर्मा, अंबिकेश त्रिपाठी, अमिताभ त्रिपाठी, पर्यटक थानाध्यक्ष शरद भारती और इंस्पेक्टर सुरेश पांडेय आदि मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।