धान क्रय केंद्र पर सन्नाटा, किसान परेशान
पीसीएफ की ओर से समितियों को धान क्रय केंद्र बनाया गया है। कई क्रय केंद्रों पर तौल न होने से किसान अपना धान कम कीमत पर बिचौलियों के हाथ बेचने को मजबूर हैं। शासन ने एक नवंबर से धान खरीदने का आदेश जारी किया था।
कुशीनगर : पीसीएफ की ओर से समितियों को धान क्रय केंद्र बनाया गया है। कई क्रय केंद्रों पर तौल न होने से किसान अपना धान कम कीमत पर बिचौलियों के हाथ बेचने को मजबूर हैं। शासन ने एक नवंबर से धान खरीदने का आदेश जारी किया था।
गुरुवार को किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड बोदरवार पर धान खरीद का बैनर तो लगा था, लेकिन तौल न होने से समिति परिसर में सन्नाटा था। क्रय केंद्र परिसर में बच्चे खेल रहे थे। किसान जयनाथ पटेल ने बताया कि कई दिनों से अपना धान बेचने के लिए क्रय केंद्र का चक्कर लगा रहा हूं।
सचिव की ओर से कल तौल कराने की बात कही गई है। समिति अध्यक्ष हरिप्रसाद चौधरी ने कहा कि क्रय केंद्र खुला है, लेकिन तौल नहीं हो रही है। सचिव हरेराम शर्मा ने कहा कि अब तक 1560 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। बोरा मंगा लिया गया है, कल से तौल शुरू होगी।