गोवंश आश्रय स्थलों का हो नियमित निरीक्षण: अतुल
कुशीनगर में गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष ने डीएम को भेजा पत्र भूसा-चारा चिकित्सा सुविधा की बेहतर व्यवस्था का किया अनुरोध।
कुशीनगर: गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष यशवंत उर्फ अतुल सिंह ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेज वृहद, स्थायी, अस्थायी बेसहारा पशु आश्रय स्थलों व कान्हा गोशालाओं का नियमित निरीक्षण कराए जाने की अपेक्षा की है। सभी जगहों पर उच्च गुणवत्ता वाले भूसा-चारा की व्यवस्था कराने के साथ ही ठंड से बचाव के इंतजाम और चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने को कहा है।
पत्र के माध्यम से आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा है कि आश्रय स्थलों की भूमि पर किए गए कब्जों को हटवाया जाए और जलनिकासी की व्यवस्था की जाए। गोबर गैस प्लांट की स्थापना और गोवंश के गोबर से कंडे बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएं। आश्रय स्थल पर बनने वाले गोबर के कंडों का श्मशान घाट पर और ठंड के मौसम में अलाव जलाने में उपयोग किया जा सकता है। गो-संरक्षण समितियां इसकी आख्या जिलाधिकारी को प्रस्तुत करें। समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जाए। जिलाधिकारी के सुझाव सहित आख्या आयोग को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि शासन स्तर पर उसे रखा जा सके। उपाध्यक्ष ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों से आग्रह किया है कि इस महत्वपूर्ण विषय पर रुचि लेकर शासन की मंशा के अनुरूप गोवंश आश्रय स्थलों का प्रबंधन किया जाए।
समर्पित निधि एकत्रित करने की बनाई योजना
रामकोला, कुशीनगर: उपनगर स्थित भाजपा कैंप कार्यालय में मंडल अध्यक्ष अनूप श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण समिति व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अभियान समिति की बैठक हुई। इसमें लोगों की ओर से मंदिर निर्माण के लिए समर्पित की जाने वाली निधि को एकत्रित करने की योजना बनाई गई। संयोजक राधेश्याम दीक्षित व अभियान प्रमुख फूलबदन कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं से सुझाव लिया। संजीव सिंह, हरिलाल कुशवाहा, रजनीश श्रीवास्तव, रामदेव कुशवाहा, विश्वजीत गोविद राव, राजेश मिश्रा, वशिष्ठ मुनि त्रिपाठी, शेषमणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। संचालन मंडल महामंत्री मनोहर गुप्ता ने किया।
सामूहिक यज्ञ कर मांगी सलामती की दुआ
परसौंन स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने आयोजक मंकेश श्रीवास्तव की अगुआई में विधिवत पूजा-पाठ किया और सबकी सलामती की दुआ मांगी। संदीप पांडेय, तरयासुजान मंडल के भाजपा अध्यक्ष आनंद प्रकाश मिश्र, भाजपा नेता निलय राय, अवकाश प्राप्त सीओ सुरेंद्र राय, प्रवक्ता प्रह्लाद प्रसाद केशरी, समाजसेवी माया शंकर निर्गुणायत, सत्यप्रकाश, ग्राम प्रधान गोपाल सिंह आदि मौजूद रहे।