घटतौली के खिलाफ किसानों का हंगामा, तौल ठप
सेवरही चीनी मिल के पटहेरवा गन्ना केंद्र पर शनिवार की शाम चार बजे घटतौली का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा किया। विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्होंने गन्ने की तौल ठप करा दिया।
कुशीनगर : सेवरही चीनी मिल के पटहेरवा गन्ना केंद्र पर शनिवार की शाम चार बजे घटतौली का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा किया। विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्होंने गन्ने की तौल ठप करा दिया। चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पटहेरवा पश्चिम टोला निवासी किसान रामकेश्वर पुत्र देवनारायण अपने गन्ने की तौल कराने क्रय केंद्र पर गए थे। इंचार्ज प्रेम चंद्र वर्मा की तौल में ट्रेलर सहित गन्ने का वजन 38.20 ¨क्वटल हुआ। संदेह होने पर समीप स्थित कंप्यूटराइज्ड धर्मकांटा पर तौल कराई तो वजन 39.20 ¨क्वटल मिला। दोबारा गन्ना केंद्र के कांटा पर तौलने पर 37.70 हुआ। इससे नाराज किसानों के समूह ने हंगामा कर दिया तो इंचार्ज ने मशीन में टेक्निकल गड़बड़ी का नोटिस लगा तौल बंद कर दिया। विरोध प्रदर्शन कर रहे हरिकेश यादव, कपिल पाठक, ह¨रद्र यादव, संजय कुमार, सुरेश राय आदि ने कहा कि घटतौली का धंधा काफी दिनों से चल रहा है। शिकायत किए जाने के बाद भी अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। चीनी मिल के केन मैनेजर पीएन शाही ने दूरभाष पर बताया कि मशीन में गड़बड़ी की वजह से तौल में अंतर आया है। उसे ठीक करने के लिए टेक्नीशियन को क्रय केंद्र पर भेजा गया है।