राष्ट्र भक्ति की गूंज हर तरफ
सुबह छह बजे एकता अखंडता समृद्धि एवं सर्व धर्म सद्भाव के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन होगा।
कुशीनगर: गणतंत्र दिवस पर रविवार को जनपद भर में आयोजनों की धूम मचेगी। पुलिस लाइन में, स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यकम, खेलकूद, सम्मान समारोह, देश भक्ति कार्यक्रमों में प्रतिभाएं अपनी काबिलियत साबित करेंगी। सुबह छह बजे एकता अखंडता, समृद्धि एवं सर्व धर्म सद्भाव के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन होगा। गांव से लेकर नगर तक सुबह सात बजे स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी निकाली जाएगी। सरकारी भवनों पर 8.30 बजे, पुलिस लाइन में 9.30 बजे व स्कूलों में सुबह 10 बजे तिरंगा ध्वज फहरेगा। झंडे की सलामी ली जाएगी।
यह जानकारी जिलाधिकारी डा. अनिल कुमार सिंह ने देते हुए बताया कि सभी मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा व गिरिजा घरों में प्रार्थना सभा होगी। इसके लिए अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी व जिला समाज कल्याण अधिकारी को संयोजक व समस्त एडीओ पंचायत को सह संयोजक बनाया गया है। प्रभात फेरी, पुलिस लाइंस में परेड व ध्वजारोहण के लिए तथा सभी सरकारी विभागों में ध्वजारोहण के लिए कार्यालयाध्यक्षों को संयोजक बनाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण के लिए संयोजक नामित किया गया है।
सुबह 10.30 बजे जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में महिलाओं की तीन किमी व पुरुषों की पांच किमी की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। डीएम ने बताया कि सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। दोपहर दो बजे से जिले के सभी शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण होगा। इसके लिए सभी उपजिलाधिकारियों को संयोजक बनाया गया है। डीएम ने बताया कि सुबह 11 बजे से विकास भवन से सुभाष चौक तक स्वच्छता रैली, मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेगें।