कुशीनगर में बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी का हमला, बोले- 'सपा की स्थिति सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली जैसी'
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा के घोषणा पत्र में माफिया पर कार्रवाई के वादे को पाखंड बताया, कहा कि उनकी स्थिति 'सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली' जैसी है।

कुशीनगर में बुके देकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का स्वागत करते नपा अध्यक्ष पडरौना विनय जायसवाल
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में माफिया पर कार्रवाई करने की बात को लेकर उस पर करारा प्रहार किया और कहा कि, खुद गुंडों से बनी पार्टी यह घोषणा कर रही है कि हम माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे, यह बताता कि सपा की स्थिति सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली वाली जैसी हो गई। उनके कार्यकाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं।
कानून व्यवस्था का नामोनिशान नहीं रही, वे कार्रवाई की बात कर रहे हैं। कहा कि, माफिया के बरसी पर सपा मुखिया अखिलेश यादव जा सकते हैं, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर नहीं जा सकते, दरअसल सपा कभी अपने आदत से बाज आने वाली पार्टी ही नहीं है। वे शुक्रवार को कुशीनगर के हाटा में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने महिलाओं को दो तोला सोना व 40 हजार रुपये देने के घोषणा पर भी तंज कसते हुए कहा कि, जिसको सत्ता में नहीं आना होता है, वह कुछ भी घोषणा कर सकता है। 2024 के चुनाव में इसी आइएनडीआइए गठबंधन के लोगों ने खाते में खटाखट आठ हजार रुपये भेजने का वादा किया था, हुआ क्या सबके सामने आया। संसदीय क्षेत्र के परिसीमन पर सपा के विरोध के रुख पर उन्होंने कहा कि यही सपा का महिला विरोधी चरित्र है। वही नहीं चाहती की महिलाओं को आरक्षण मिले, उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़े और सशक्त हों।
2027 के चुनाव के सवाल पर कहा कि, भाजपा फिर से हैट्रिक लगाएगी। इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ता कमर कस कर तैयार हैं। जनता का भी भाजपा सरकार के प्रति पूरा विश्वास है क्योंकि उनको वादे के मुताबिक विकास व सुशासन मिला है। हर वर्ग तक राहत पहुंची है। विकास सबकी चौखट तक गया है। मोदी-योगी सरकार ने आमजन के विकास के लिए कार्य किया है, जनता इसको पूरी तरह से महसूस कर रही है।