हाईवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
पडरौना में पुलिस ने हाईवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है।

हाईवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पडरौना। हाईवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर पुलिस ने पांच शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से प्लास्टिक का पाइप, गैलन आदि बरामद हुआ है। शातिरों को पुलिस न्यायालय ले गई, वहां से जेल भेज दिया गया।
सीओ कसया कुंदन कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में बताया कि बीते कुछ दिनों से फोरलेन पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी होने की शिकायतें मिल रहीं थीं। हाईवे पर सक्रिय इस गिरोह के पर्दाफाश के लिए कसया पुलिस को लगाया गया।
घटनास्थल व आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से गिरोह के सदस्यों की पहचान कर टीम उनकी तलाश में लगी थी। शनिवार सुबह पकवाइनार के समीप एक ढाबा परिसर से गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान गोरखपुर के नितेश उर्फ बाबूलाल पासवान रामनगर करजहा धूसी टोला थाना खोराबार के रूप में हुई।
वहीं, ऋत्विक रावत बिलंदपुर डीआईजी बंग्ला के सामने थाना कैंट, शुभम यादव नसीराबाद मारवाड़ इंटर कॉलेज के समीप वार्ड संख्या 63 थाना कोतवाली व मोनू उर्फ श्याम सूरत पासवान राजधानी टोला धनवारपार झगहां व देवरिया के गौरी बाजार के कुंवर बखरा के आदित्य गुप्ता उर्फ गोलू के रूप में हुई। ढाबा के सामने खड़ी एक टैंकर व लग्जरी कार बरामद हुई।
यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा है नाइजीरियन छात्र, LIU व IB ने की पूछताछ, काॅलेज ने जांच कमेटी बनाई
कार में गैलन में रखा 75 लीटर डीजल, लोहे की दो राड, प्लास्टिक की दो पाइप, 50 लीटर क्षमता के पांच गैलन मिले। सीओ ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो हाईवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी कर बेचने का कार्य करते हैं। पकड़े गए शातिरों में नितेश, आदित्य, मोनू का आपराधिक इतिहास है।
इनके विरुद्ध गोरखपुर के बड़हलगंज, खोराबार, बेलीपार व मऊ के घोसी थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, दारोगा गौरव श्रीवास्तव, पंकज सिंह, गनेश प्रजापति, कां. उमाशंकर, आलोक यादव, अभिषेक राय, सूरज मिश्र, ज्ञानप्रकाश चौहान शामिल रहे।
डिपो से तेल लेकर पेट्रोल पंपों पर करते थे आपूर्ति
सीओ ने बताया कि टैंकर के जरिये शातिर बैतालपुर डिपो से डीजल लोड कर पेट्रोलपंपों पर आपूर्ति देते थे। टैंकर से भी डीजल की चोरी कर उसे बेच देते थे।
