विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुबई के टैंकर पर ओमान में ड्रोन हमला, कुशीनगर का युवक लापता; परिवार वालों ने सरकार से लगाई गुहार

Published: Mon, 12 Oct 2026 05:58 PM (IST)

ओमान के सोहर पोर्ट पर दुबई के टैंकर पर हुए ड्रोन हमले में हाटा, कुशीनगर का एक युवक अमित कुमार ...और पढ़ें

ओमान ड्रोन हमले में लापता हुआ युवक।

ओमान ड्रोन हमले में लापता हुआ युवक।

HighLights

  1. ओमान में दुबई के टैंकर पर ड्रोन हमला हुआ।

  2. हाटा, कुशीनगर का युवक अमित कुमार लापता।

  3. परिवार ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई।

जागरण संवाददाता, हाटा। ओमान के सोहर पोर्ट पर रविवार को दुबई के टैंकर पर हुए ड्रोन हमले में हाटा नगर निवासी युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। 24 घंटे बाद भी युवक से जुड़ी जानकारी नहीं मिलने पर स्वजन की चिंता बढ़ गई है। हमले के समय टैंकर पर मौजूद चालक दल के सभी 11 भारतीय सदस्यों में नौ को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो क्रू मेंबर का पता नहीं लग पाया है। लापता दोनों क्रू मेंबरों की ओमान तटरक्षक दल तलाश में जुटा है। युवक के परिवार ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है।

हाटा नगर के गोपालपुर वार्ड निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार सिंह उर्फ मुकुल दुबई की एसके इंजीनियरिंग शिपिंग एंड ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में क्रू मेंबर हैं। बताया जा रहा कि 15 दिन पूर्व कंपनी का टैंकर एमटी पेट्रो डाल्फिन दुबई से ओमान के लिए रवाना हुआ। ओमान के सोहर पोर्ट पहुंचने पर टैंकर तीन दिनों तक खड़ा रहा। फिर उसके मेंटीनेंस का कार्य शुरू हो गया। टैंकर पर चालक दल के 11 भारतीय सदस्य मौजूद थे। स्वजन के अनुसार रविवार सुबह अमित से माता-पिता की वीडियो कॉल के जरिये बात हुई थी।

तब उसने टैंकर के मेंटीनेंस कार्य शीघ्र पूरा होने और फिर वहां से तेल के लिए खाड़ी देश जाने की जानकारी दी थी। उसी दिन दोपहर में दो बजे कंपनी के कर्मचारी ने फोन कर बताया कि टैंकर पर ड्रोन हमला हुआ है। इसमें चालक दल के नौ सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। दो क्रू मेंबर लापता हैं, जिसमें अमित भी शामिल हैं। यह जानकारी मिलते ही स्वजन उदास हो गए। अब 24 घंटे बाद भी अमित से जुड़ी कोई जानकारी न मिलने पर परिवार को अनहाेनी का भय सता रहा है।

23 जनवरी 2026 को ही अमित ने दुबई के स्वामित्व वाली इस कंपनी में नौकरी शुरू की थी। अमित इकलौते पुत्र व अविवाहित हैं। उनके परिवार में पिता देवप्रकाश सिंह, मां पूनम व एक छोटी बहन है। पिता खेती-बाड़ी करते हैं। तहसीलदार हाटा जया सिंह ने बताया कि प्रशासन परिवार के संपर्क में है। आवश्यक रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में अचानक आई बाढ़ को लेकर कुशीनगर में अलर्ट, गंडक नदी पर बढ़ाई गई निगरानी