कुशीनगर के स्कूलों में लगातार 3 दिन गैरहाजिर रहने छात्रों के घर जाएगा फोन, 6 दिन पर घर पहुंचेंगे मास्टर साहब
कुशीनगर के परिषदीय स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए नई पहल की गई है। अब तीन दिन अनुपस्थित ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
तीन दिन अनुपस्थित छात्रों के घर फोन से संपर्क होगा।
छह दिन गैरहाजिर रहने पर शिक्षक घर जाकर मिलेंगे।
अभिभावकों को शिक्षा का महत्व समझाकर प्रेरित करेंगे।
जागरण संवाददाता, पडरौना। परिषदीय स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने को लेकर प्रभावी पहल हुई है। अब हर दिन अनुपस्थित छात्रों की सूची तैयार हो रही। तीन दिन तक स्कूल न आने वाले छात्रों के घर फोन कर शिक्षक कारण जानेंगे।
वहीं अगर कोई छात्र लगातार छह दिनों तक स्कूल नहीं आता है तो शिक्षक उसके घर जाकर अभिभावक से संपर्क करेंगे। विभागीय आंकड़ों के अनुसार नामांकन के सापेक्ष 60 से 70 प्रतिशत बच्चे ही स्कूल आ रहे।
छात्रों की कम उपस्थिति को देखते हुए बीएसए ने इस आशय का पत्र सभी बीईओ तथा प्रधानाध्यापकों को भेज कर इसके अनुपालन का निर्देश दिया है। पत्र में कहा गया है कि अनुस्थित बच्चों की सूची तैयार की जाए। तीन दिन तक स्कूल न आने वाले छात्र के घर फोन कर कारण पूछें।
अगर वह अपने छोटे भाई-बहन की देखभाल के कारण स्कूल नहीं आ रहा तो उसके भाई-बहन का आंगनबाड़ी केंद्र में प्रवेश कराया जाए। इसी तरह अगर कोई छात्र छह दिनों तक लगातार अनुपस्थित रहता है या फिर घरेलू या स्वजन संग खेती के कामकाज के चलते स्कूल नहीं आ रहा तो शिक्षक घर जाकर अभिभावक को समझाएं।
शिक्षा का महत्व बताएं और बच्चे को स्कूल भेजने को प्रेरित करें। जिले में चालू शैक्षिक सत्र में परिषदीय स्कूलों में दो लाख 15 हजार 884 बच्चों का नामांकन है। प्राय: नामांकन के सापेक्ष स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम रहती है।
ब्लॉकवार पांच स्कूल होंगे सम्मानित
सभी बीआरसी पर क्षेत्र के पांच ऐसे स्कूल व प्रधानाध्यापकों का नाम बोर्ड पर लिखा जाएगा जहां उपस्थित छात्रों की संख्या अधिक होगी। प्रत्येक महीने ब्लाक व जिले पर होने वाली बैठक में इन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया जाएगा।
जिले में कुल 2463 स्कूल
जिले में 1639 प्राथमिक, 286 उच्च प्राथमिक तथा 538 संविलियन सहित कुल 2463 स्कूल संचालित है।
स्कूलों में नामांकित संख्या के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। लगातार छह दिनों तक स्कूल न आने वाले बच्चों के घर शिक्षकों की टोली पहुंचेगी और कारण पता कर बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित करेगी। -अनिल कुमार सिंह, बीएसए, कुशीनगर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।