जागरण संवाददाता, टेकुआटार (कुशीनगर) : रामकोला के टेकुआटार गांव के डीहटोला में शनिवार की शाम चार बजे भूमि विवाद को लेकर अधेड़ की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हमलावरों का दहशत इस कदर था कि घटनास्थल पर कोई बीच बचाव की हिम्मत नहीं कर सका। घायल अधेड़ काफी देर तक तड़पते रहे। पुलिस पहुंची तो उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय लल्लन गोंड तथा लक्ष्मण मद्धेशिया पड़ोसी हैं। दोनों परिवार के बीच भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। लल्लन गोंड शनिवार की शाम विवादित भूमि पर पक्का निर्माण करा रहा थे। जानकारी होने पर लक्ष्मण मद्धेशिया स्वजन संग रोकने पहुंचे तो कहासुनी के बाद विवाद हो गया। लक्ष्मण व उनके परिवार के सदस्यों ने लल्लन पर राड आदि से हमला बोल दिया। चाकू से भी उनके चेहरे व पेट में ताबड़तोड़ प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग आए लेकिन हमलावरों के डर से कोई आगे नहीं आया।

आधा घंटा तक घटनास्थल पर तड़पते रहे खून से लथपथ अधेड़

खून से लथपथ लल्लन आधे घंटे तक घटनास्थल पर ही तड़पते रहे। खून काफी बह गया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अधेड़ को सीएचसी रामकोला ले गई, जहां परीक्षण के पश्चात डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अधेड़ की मृत्यु की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस शव को कब्जे में ले कार्रवाई में जुट गई। एसएचओ अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही मामला दर्ज कर लिया जाएगा। आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। हमलावरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।

पहले भी हो चुका था विवाद

गांव के लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। तब भी आरोपितों ने लक्ष्मण व उनके इकलौते पुत्र को मारा-पीटा था। लल्लन की तहरीर पर आरोपितों के विरुद्ध मारपीट तथा एससी-एसटी का मुकदमा दर्ज हुआ था।

घर से कुछ दूरी पर है विवादित भूमि

विवादित भूमि लल्लन गोंड के घर से कुछ दूरी पर है। बताया जा रहा कि घटना के समय वे अकेले थे। उनकी हत्या की खबर मिलते ही पत्नी व इकलौता बेटे रोने-चिल्लाने लगे। दोनों रह-रह कर अचेत हो जा रहे।

Edited By: Nirmal Pareek