कुशीनगर में जायदाद विवाद का खूनी अंजाम, पहली पत्नी ने बच्चों संग मिलकर की पति की हत्या
कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया में जायदाद विवाद को लेकर पहली पत्नी ने अपने पुत्र-पुत्रियों के साथ मिलकर पति ओमप्रकाश राजभर ...और पढ़ें
-1791634752050_m.webp)
HighLights
पहली पत्नी ने पुत्र-पुत्रियों संग पति की हत्या की।
जायदाद और भरण-पोषण विवाद था हत्या का कारण।
दूसरी पत्नी भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुई।
संवाद सूत्र, नेबुआनौरंगिया। जायदाद विवाद ने खेत में खूनी रूप ले लिया। पहली पत्नी ने पुत्रियों व पुत्र संग मिलकर पति को बांका (धारदार हथियार) से मौत के घाट उतार दिया। बचाने आई दूसरी पत्नी पर भी प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर गांव के लोग पहुंचे तो खेत में फसलों के बीच पसरे खून को देख सहम उठे। नेबुआ नौरंगिया थाना के गांव जगदीशपुर मदरहवा टोला में शनिवार सुबह सात बजे हुई इस वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए।
घायल महिला को पुलिस ने अस्पताल भिजवाया। फोरेंसिक टीम ने खून व घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य इकट्ठा किए। एसपी केशव कुमार ने बताया कि, तहरीर के आधार पर पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश राजभर माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनकी पहली शादी 1995 में सिरसिया वीरभान गांव की उर्मिला से हुई थी। दोनों से काजल, अजीत और गुंजा संतानें हैं।
उर्मिला नेबुआ नौरंगिया ब्लाक में आशा कार्यकर्ता हैं। वर्ष 2012 में ओमप्रकाश ने बिहार के बगहां निवासी नित्या उर्फ अंकिता से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद पहली पत्नी साथ जमीन के हिस्से को लेकर विवाद खड़ा हुआ। कई बार हुई पंचायत के बाद उर्मिला को जीविकोपार्जन के लिए चार कट्ठा जमीन दी गई। हिस्सा बंटवारे और भरण-पोषण को लेकर न्यायालय में सात वर्षों से मुकदमा चल रहा है। उर्मिला अपने बच्चों के साथ गांव के पुराने मकान में रहती हैं।
ओमप्रकाश दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ गांव के बाहर बने नए मकान में रहते थे। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।करीब साढ़े तीन बीघा जमीन उनके नाम से थी, जिसमें उपचार के लिए छह कट्ठा भूमि बीते 29 जुलाई को बेची थी। इसी के बाद विवाद और बढ़ गया था। मृतक की मां मंगूरी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर बाद भी उर्मिला घर आई थी। घर के सामने ही ओमप्रकाश को मारा-पीटा था।
ओमप्रकाश शनिवार सुबह घर से लगभग 500 मीटर दूर टहलने गए थे। वहीं उर्मिला अपने बच्चों के साथ परवल के खेत की मेड़ बांध रही थी। ओमप्रकाश ने इसका विरोध किया तो उसने अपने पुत्रियों-पुत्र से मिलकर बकुआ से गले पर हमला कर दिया, मौके पर ही मौत हो गई। बचाने आइ दूसरी पत्नी नित्या पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिए।
नेबुआ नौरंगिया के प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे, पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। मां मंगूरी की तहरीर पर उर्मिला, बेटा आदित्य, बहन सीमा, बेटी गुंजा व बेटी काजल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। उर्मिला और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
