कुशीनगर में एपी बांध का 10 मीटर हिस्सा कटा, पांच गांव जलमग्न; 15 हजार से अधिक आबादी प्रभावित
कुशीनगर के तमकुहीराज तहसील में एपी बांध का लगभग दस मीटर हिस्सा कट गया, जिससे आसपास के पांच गांवों में ...और पढ़ें
-1790621889727_m.webp)
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में एपी बांध पर सोमवार की रात बड़ा कटान हो गया। किमी 6.000 पर ततवा टोला के समीप रात करीब 10:45 बजे बांध का लगभग दस मीटर हिस्सा कट गया। बांध टूटते ही पानी तेजी से आसपास के गांवों में फैलने लगा।
जवहीं दयाल, टोला चैनपट्टी, घघवा जगदीश, जवहीं नरेंद्र और गौरहा समेत आसपास के टोलों में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे 15 हजार से अधिक आबादी प्रभावित होने की आशंका है।
बांध के इस हिस्से पर सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे से ही पानी का रिसाव शुरू हो गया था। ततवा टोला व चैनपट्टी के समीप रिसाव बढ़ने के साथ आसपास के कुछ टोलों में पानी उतरने लगा था। खतरे को भांपकर ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों की ओर जाना शुरू कर दिया था।
कई ग्रामीणों ने नए बांध पर भी शरण ली। इसके बावजूद रात में पानी का दबाव बढ़ने से बांध का करीब दस मीटर हिस्सा कट गया और पानी तेजी से गांवों की ओर फैल गया। बांध कटने की सूचना मिलते ही प्रशासन और सिंचाई विभाग में खलबली मच गई।
देर रात जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार और विभागीय अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पानी के बहाव को नियंत्रित करने और कटान रोकने के लिए मिट्टी भरी बोरियां डालकर बचाव कार्य शुरू कराया गया। विभागीय स्तर पर बांध की मरम्मत और कटान रोकने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
एसडीओ सिंचाई दीप रतन सिंह ने बांध कटने की पुष्टि करते हुए बताया कि उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है। कटान रोकने के लिए मौके पर बचाव कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि बांध की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
