कुशीनगर में छठ घाटों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, डीएम-एसपी ने संभाली कमान
कुशीनगर में छठ पूजा के दौरान घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, जिसमें डीएम संजय चौहान और एसपी केशव कुमार ने स्वयं निगरानी की।
-1794849567735_m.webp)
कसया में छठघाट पर मातहत से सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते (बाएं से दूसरे) एएसपी सिद्धार्थ वर्मा। सौ. पुलिस मीडिया सेल
HighLights
डीएम-एसपी ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
बढ़े जलस्तर के कारण नदियों, तालाबों पर विशेष सतर्कता बरती गई।
भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग हुआ।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। छठ पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क रहा। जिले के विभिन्न नदियों, तालाबों और पोखरों के घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखी।
इस बार लगातार वर्षा के कारण जिले की नदियों और जलाशयों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसे देखते हुए घाटों पर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए थे। पुलिसकर्मियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित करने के साथ गहरे पानी की तरफ जाने से रोकने के लिए सतर्कता बरती। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले घाटों पर पुलिस की मौजूदगी रही।
अर्घ्य देने के दौरान घाटों पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की अधिक भीड़ रही। ऐसे में पुलिसकर्मी भीड़ के दबाव और आवागमन पर नजर रखते रहे। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
प्रशासन की ओर से पहले ही श्रद्धालुओं से जलाशयों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई थी। डीएम संजय चौहान व एसपी केशव कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी तो संवेदनशील घाटों पर संयुक्त रूप से भ्रमण किया।
ड्रोन कैमरों से भी की गई निगरानी
रामधाम, अंबे चौक आदि स्थानों पर बढ़ी भीड़ को लेकर पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर सभी प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था भी चुस्त रही तो रूट डायवर्जन भी रहा।
डीएम की पत्नी भी पहुंची छठ घाट, नपा अध्यक्ष ने किया स्वागत
डीएम की पत्नी अर्पणा चौहान कुशीनगर घाट पहुंची तो नपा अध्यक्ष किरन जायसवाल, ईओ अंकिता शुक्ला ने स्वागत किया तो उनकी मांग भर कर नपा अध्यक्ष अखंड सौभाग्य की कामना भी की। अन्य व्रती महिलाओं के संग डीएम की पत्नी भी पूजन आदि में भी शामिल हुईं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।