सड़क हादसे में बुझा घर का चिराग, महाराजगंज से दवा लेकर लौट रहे बीटेक छात्र और भट्ठा कर्मी की मौत
सियार को बचाने के प्रयास में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में बीटेक छात्र समेत दो लोगों की मौके ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सियार को बचाने के प्रयास में दो बाइकों की टक्कर हुई।
बीटेक छात्र और एक भट्ठा कर्मी की मौके पर मौत हो गई।
एक युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संवाद सूत्र,नेबुआ नौरंगिया। सियार को बचाने के प्रयास में दो बाइकों की आमने-सामने तेज टक्कर हो गई। बीटेक छात्र समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना सोमवार की रात साढ़े आठ बजे नेबुआ नौरंगिया थाना के नौरंगिया-घुघली मार्ग पर रायपुर फुलवरिया और बंजरिया गांव के बीच हुई।
मरने वालों की पहचान इसी थाने के गांव देवतहाबाली के सबजवां टोले निवासी 40 वर्षीय नंदू विश्वकर्मा व रामपुर खुर्द निवासी 30 वर्षीय सत्यम कुशवाहा के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि, लखनऊ के एक निजी कालेज से बीटेक की पढ़ाई करने वाले सत्यम कुशवाहा घर आए हुए थे। सोमवार की शाम महाराजगंज स्वजन की दवा लेने गए थे। वहां से घर आते समय रायपुर फुलवरिया और बंजरिया गांव के बीच निर्जन स्थान पर विपरीत दिशा से आ रहे ईंट भट्ठा पर कार्य करने वाले नंदू की बाइक से सीधी टक्कर हो गई।
रास्ता पार कर रहे सियार को बचाने के चक्कर में दोनों के संतुलन खोने के कारण यह टक्कर हुई। बताया जा रहा है कि, गंभीर चोट के बाद काफी देर तक सड़क पर पड़े रहने के कारण अधिक रक्तस्राव होने से मौत हुई। दूसरी ओर सत्यम के साथ बाइक पर पीछे बैठे उनके ही गांव के 16 वर्षीय शैलेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए, सीएचसी कोटवा बाजार में भर्ती कराया गया है। मरने वाले दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहने थे।
