Kushinagar News: बेड पर मिला सिपाही की पत्नी का 5-6 दिन पुराना शव, दो माह पूर्व किया था प्रेम-विवाह
कुशीनगर जिले के कसया के भैंसहां में फोरलेन किनारे मकान में बुधवार की देर शाम आठ बजे सिपाही की पत्नी का शव बंद कमरे में बेड पर मिला। बदबू आने पर पड़ोसी ने आसपास के लोगों को जानकारी दी तो बात पुलिस तक पहुंची।
जागरण संवाददाता, हेतिमपुर (कुशीनगर): उत्तरप्रदेश के कुशीनगर जिले से सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जिले के कसया के भैंसहां में फोरलेन किनारे मकान में बुधवार की देर शाम आठ बजे सिपाही की पत्नी का शव बंद कमरे में बेड पर मिला। बदबू आने पर पड़ोसी ने आसपास के लोगों को जानकारी दी तो बात पुलिस तक पहुंची। पुलिस दरवाजा तोड़ अंदर गई तो मामला सामने आया। एएसपी रितेश कुमार सिंह, सीओ कुंदन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक सिपाही आजमगढ़ का निवासी है और मामला सामने आने के बाद से फरार है।
बदबू फैलने पर पता चला
बताया जा रहा है कि जटहाबाजार थाने में तैनात सिपाही रोशन राय लगभग छह माह पूर्व भैंसहां में किराए के मकान में प्रथम तल पर रहने आए। बीच में कुछ समय के लिए दोनों चले गए। 14 जनवरी 2023 को दोनों फिर इस मकान में रहने आए। कुछ दिनों से कमरे में फाटक बंद था और सिपाही व उसकी पत्नी 23 वर्षीय सोनी नजर नहीं आए। बुधवार सुबह मकान में बदबू उठने पर नीचे के कमरे में किराए पर रहने वाली महिला को लगा कि कमरा या आसपास कोई जानवर मरा है। देर शाम हर तरफ बदबू फैलने से परेशान महिला प्रथम तल पर बंद कमरे की तरफ गई तो उसे लगा कि बदबू कमरे से ही आ रही। इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी।
पांच से छह दिन पुराना लग रहा शव
सीओ कुंदन कुमार सिंह व एसएचओ आशुतोष तिवारी दरवाजा तोड़ अंदर गए तो सिपाही की पत्नी का शव बेड पर मिला। शव का अधिकांश हिस्सा सड़ चुका था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा कि शव पांच से छह दिनों पुराना है। एएसपी रितेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। नेबुआ-नौरंगिया के अकबरपुर निवासी मृतका के स्वजन को सूचना दी गई। स्वजन ने सिपाही पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया है कि फोन करने पर सोनी का नंबर कई दिनों से नहीं उठ रहा था। सिपाही का नंबर बंद मिल रहा था। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो जाएगा। सिपाही की तलाश चल रही है। जल्द ही वह पकड़ लिया जाएगा। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा।
28 नवंबर को मंदिर में हुई थी शादी
सिपाही काफी समय से सोनी संग लिव-इन में रह रहा था। उसके व्यवहार में अंतर आने पर महिला मित्र शादी का दबाव बना रही थी। एसपी से मिलकर भी सिपाही की शिकायत की थी। फिर 28 नवंबर 2022 को सिपाही ने जटहाबाजार स्थित शिव मंदिर में महिला मित्र से शादी कर ली।
पांच जनवरी से परेड ड्यूटी कर रहा था सिपाही
गणतंत्र दिवस को लेकर सिपाही की बीते पांच जनवरी से पुलिस लाइन में परेड ड्यूटी लगी थी। चर्चा है कि बुधवार सुबह भी वह परेड में हिस्सा लिया। उसके बाद उसका मोबाइल बंद है और उसका पता नहीं चल रहा।